आमतौर पर हम सोचते हैं कि पुरुषों के लिए त्वचा की देखभाल बहुत जरूरी नहीं लेकिन वास्तविकता यह है कि धूप, धूल और हवाओं से पुरुषों की त्वचा का सामना अधिक होता है इसलिए उनके लिए भी त्वचा की देखभाल बहुत जरूरी है। अगर आपके पास अपनी त्वचा पर ध्यान देने का समय नहीं रहता तो अपनी जीवनशैली और आदतों में ही छोटे-छोटे बदलाव करें, जिनसे बिना खास मशक्कत के भी आपकी त्वचा की देखभाल हो सके।
उल्टा-पुल्टा सोना
जब आप पेट के बल सोते हैं या बहुत देर तक एक करवट पर सोते हैं तो आपके पेट और चेहरे पर बहुत दबाव पड़ता है। अगर आप सोते वक्त इस बात पर ध्यान नहीं देते तो समय से पहले आपके चेहरे पर झुर्रियां हो सकती हैं।
साबुन का इस्तेमाल
चेहरे पर साबुन लगाने से त्वचा की नमी खत्म हो जाती है और यह बात सिर्फ महिलाओं पर ही नहीं बल्कि पुरुषों पर भी लागू होती है। ऐसे में आपको साबुन की जगह नहाते या चेहरा साफ करते वक्त फेसवॉश के इस्तेमाल से हिचकना नहीं चाहिए। बाजार में पुरुषों की त्वचा को ध्यान में रखकर भी कई तरह के फेसवॉश मौजूद हैं। आप सिर्फ फेसवॉश से ही चेहरा साफ करने की आदत बना लें, त्वचा की नमीं बरकरार रहेगा।
धूम्रपान की आदत
धूम्रपान न सिर्फ सेहत के लिए हानिकारक है बल्कि त्वचा के लिए भी बहुत नुकसानदायक है। धूम्रपान अधिक करने से समय से पहले चेहरे पर झुर्रियां आ जाएंगी और आप अपनी उम्र से अधिक दिखने लगेंगे।
मॉश्चयुराइजर से परहेज
आपको अगर लगता कि पुरुषों की त्वचा को मॉश्चयुराइजर की जरूरत नहीं होती तो यह गलत है। उनकी त्वचा को भी नमीं की जरूरत है। कम से कम रोज नहाने के बाद तो एक बार मॉश्युराइजर का इस्तेमाल आपकी आदत में शुमार होना ही चाहिए।
डैंड्रफ को नजरअंदाज करना
भले ही पुरुषों के बाल छोटे हों लेकिन उनका सामना प्रदूषण और गंदगी से अधिक होता है, ऐसे में डैंड्रफ की समस्या अधिक होती है। यह डैंड्रफ जब चेहरे पर गिरता है तो चेहरे पर दाने या मुंहासे हो सकते हैं। ऐसे में जरूरी है कि आप अपने बालों को हमेशा साफ रखें जिससे न तो डैंड्रफ हो और न ही उस डैंड्रफ से इन्फेक्शन हो।