सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें देखा जा सकता है कि एक ट्रक पर बहुत से लोग बैठे हुए हैं। यह ट्रक टोल प्लाजा पर खड़ा है। वहां कुछ लोग लड़ते हुए नजर आ रहे हैं। इसके बाद ये लोग टोल प्लाजा के बैरियर को तोड़ते हुए भी नजर आ रहे हैं।
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि वीडियो भारत है और इसे एक सांप्रदायिक रंग देने की भी कोशिश की जा रही है।
अमिताभ चौधरी (@MithilaWaala) नाम के एक एक्स यूजर ने लिखा “क्या अब भारत में मुसलमान से टोल टैक्स लिया जाएगा?? क्या कहते हैं @नरेंद्र मोदी जी, आपका सबका साथ, सबका विकास!! केंद्र सरकार और @nitin_gadkri के मंत्रालय को "प्रधानमंत्री मुसलमान को टोल माफ करो योजना" शुरू करनी चाहिए।”
VINI (@Vini__007) नाम के एक एक्स अकाउंट से शेयर किया गया “हिंदुओ का आगे का भविष्य कैसा होगा , जरूर सोचना,,,,,”
पड़ताल
इस वीडियो की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। वीडियो को सर्च करने पर हमें इससे जुड़ा एक वीडियो
समय टीवी (SOMOY TV) के यूट्यूब चैनल पर मिला। समय टीवी बांग्लादेश का एक न्यूज चैनल है। इस चैनल पर ये वीडियो 18 सितंबर 2024 को प्रकाशित किया गया था।
इस वीडियो के डिस्क्रिप्शन में लिखा गया था “टोल कलेक्टर से बहस करते हुए एक युवक ने एक जगह वाहनों को रोक रहे बैरियर को तोड़ दिया। राजधानी ढाका के एलिवेटेड एक्सप्रेस वे के कुरील टोल प्लाजा पर हुई घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल है। अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।”
इस खबर से जुड़े कीवर्ड को सर्च करने पर हमें बांग्लादेश के प्रमुख समाचार पत्र
ढाका ट्रिब्यून की भी एक खबर मिली। इस खबर में लिखा था “एलिवेटेड एक्सप्रेस वे के कुरील टोल प्लाजा पर पिकअप वैन क्रॉसिंग के बीच तोड़फोड़” खबर के अनुसार ढाका एलिवेटेड एक्सप्रेस वे पर कुरील टोल प्लाजा के बैरियर को उपद्रवियों ने एक पिकअप वैन के क्रॉसिंग के बीच में खड़ा करके तोड़ दिया।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में ये साफ है कि वीडियो बांग्लादेश का है। जिसे भारत का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।