सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक बड़ा गड्ढा नजर आ रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि दिल्ली में अंडरग्राउंड मेट्रो चलाने की वजह से गड्ढा हुआ है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल वीडियो थाईलैंड के बैंकॉक का है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि दिल्ली में अंडरग्राउंड मेट्रो चलाने के वजह से सड़क धंस गई और बड़ा सा गड्ढा हो गया है।
प्रदीप कुमार नाम के फेसबुक यूजर ने लिखा, “दिल्ली में जमीन के नीचे मेट्रो चलाने का नतीजा ये घटना देखकर आपको आंखों पर बिल्कुल भी यकीन नहीं होगा“ पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।
इसी तरह के कई अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें थाई इन्क्वायरर के एक्स हैंडल पर एक पोस्ट मिली। यह पोस्ट 24 सितंबर 2025 को साझा की गई है। पोस्ट में लिखा है कि बैकॉक के दुसित जिले में सैमसेन रोड पर सड़क के एक बड़े हिस्से के धंसने,पानी की पाइप फटने के कारण, एक भूमिगत मेट्रो सुरंग में मिट्टी के बहने की जांच की जा रही है, जिसके कारण वाजिरा अस्पताल को खाली कराना पड़ा। यह गड्ढा अस्पताल के सामने वाले हिस्से से होते हुए सैमसेन पुलिस स्टेशन की ओर बढ़ता जा रहा है। आसपास की चार इमारतें पहले ही क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जबकि दो और इमारतों के धंसने का अंदेशा है। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

इसके बाद हमें साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 24 सितंबर 2025 को प्रकाशित की गई है। इस रिपोर्ट में हमें वायरल वीडियो से मिलता वीडियो मिला। रिपोर्ट में बताया गया है कि बैंकॉक के एक अस्पताल के पास 24 सितंबर को गड्ढा हो गया है। यह लगभग 30 गुणा 30 मीटर चौड़ा और 50 मीटर गहरा है। अटकलें लगाई जा रही थीं कि इस गड्ढे के पास में ही एक नई भूमिगत रेल लाइन की खुदाई हो रही थी। अधिकारियों ने अभी तक इस घटना के कारण की पुष्टि नहीं की है।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को बैंकॉक का पाया है। वायरल वीडियो का दिल्ली से कोई संबंध नहीं है।