पिछले सप्ताह से ही श्रीलंका खराब मौसम से जूझ रहा है। चक्रवाती तूफान दित्वाह के चलते लगातार हो रही भारी बारिश और इसके प्रभाव से हो रहे भूस्खलन की वजह से हालात काफी बिगड़ चुके हैं। देशभर में अब तक सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में तेज पानी बहता नजर आ रहा है। इसके साथ ही बाढ़ से कई घर टूटे नजर आ रहे हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो श्रीलंका का है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल वीडियो इंडोनेशिया का है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो श्रीलंका के दित्वाह चक्रवात का है।
एरिक सोलहेम (@ErikSolheim) नाम के एक्स यूजर ने लिखा “श्रीलंका का समर्थन करने का समय आ गया है ! श्रीलंका में भयानक बाढ़ आई है। मरने वालों की संख्या 200 के पार पहुंच गई है। सरकार ने आपातकाल घोषित कर दिया है। कृपया हर संभव तरीके से श्रीलंका का समर्थन करें - चाहे आपातकालीन सहायता हो या अन्य!” पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।
इसी तरह के अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें TVRI Nasional की एक पोस्ट मिली। पोस्ट में वायरल हो रहा वीडियो नजर आ रहा है। यह पोस्ट 27 नवंबर 2025 को साझा की गई है। इसके साथ ही बताया गया है कि हाल के दिनों में उत्तरी सुमात्रा में बाढ़, गिरे हुए पेड़ और भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। उत्तरी सुमात्रा क्षेत्रीय पुलिस द्वारा जारी आंंकड़ों के अनुसार, 11 रीजेंसी/शहरों में 86 जल-मौसम संबंधी आपदाएं दर्ज की गईं। वहीं, दर्जनों लोगों की मृत्यु हुई।

इसके बाद हमें द ट्रिब्यून की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 26 नवंबर 2025 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि इंडोनेशिया के सुमात्रा द्वीप पर मूसलाधार बारिश से आई अचानक बाढ़ और भूस्खलन के बाद भूस्खलन में दबे या बह गए दर्जनों लोगों की तलाश में बचावकर्मियों ने और शव बरामद किए हैं। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि मरने वालों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है और छह लोग लापता हैं।

पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को इंडोनेशिया का पाया है।