सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है जिसमें एक काफी ऊंची इमारतों को एक मिनट के अंदर ध्वस्त होते हुए देखा जा सकता है। 10 से ज्यादा इमारतें पलक झपकते ही धराशायी हो गई। ये वीडियो चीन का बताया जा रहा है।
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके ये दावा किया जा रहा है कि चीन में 15 ऊंची इमारतों को गिरा दिया गया, क्योंकि जो कंपनी इसका निर्माण करवा रही थी उसके पास इस परियोजना को पूरा करने का पैसा नहीं था।
साइंस गर्ल (@gunsnrosesgirl3) नाम के एक एक्स यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा “चीन में 15 ऊंची इमारतें ढहा दी गयी क्योंकि निर्माण कंपनी के पास परियोजना को पूरा करने के लिए पैसे नहीं थे।”
ईगल नेबुला (@15_Stellar) नाम के एक यूजर ने लिखा “चीनी शहर कुनमिंग में 15 नवनिर्मित घरों के एक पूरे ब्लॉक को नियंत्रित विस्फोटों का उपयोग करके ध्वस्त किया गया। 10 साल बाद उन्हें चालू नहीं किया जा सका, इसलिए कठोर उपाय करने पड़े।”
मास्सिमो (@Rainmaker1973) एक और एक्स यूजर ने लिखा “दक्षिण-पश्चिमी चीन में एक ही समय में 15 अधूरी इमारतों को ध्वस्त कर दिया गया। प्रभावशाली वीडियो युन्नान प्रांत के कुनमिंग शहर में फिल्माया गया था।”
पड़ताल
इस वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च करने पर हमें
एशिया फाइनेंस (@AsiaFinance) का एक्स अकाउंट मिला जहां पर ये वीडियो 14 सितंबर, 2021 को शेयर किया गया था। इसके साथ चीन की भाषा में एक कैप्शन लिखा गया था जिसे हमने गूगल ट्रांसलेशन की सहायता से अनुवाद है “चीन में 15 गगनचुंबी इमारतों को विस्फोट से उड़ा दिया गया! यह कुनमिंग में लियांग स्टार सिटी परियोजना के दूसरे चरण का हिस्सा है। बाजार में मांग न होने के कारण सरकार ने 8 साल के अधूरे काम के बाद इसे गिराने का फैसला किया। इन इमारतों में विस्फोट क्यों हुआ? चूंकि नए खरीदार अभी भी अचल संपत्ति विकसित कर रहे हैं, क्या यह बर्बादी नहीं है? चीन में 15 गगनचुंबी इमारतें जो लियांग स्टार सिटी चरण II परियोजना का हिस्सा थीं, उन्हें अभी ध्वस्त कर दिया गया।”
इस खबर की और अधिक पड़ताल करने के लिए हमने ‘चीन’, ‘इमारत’,’ध्वस्त करना’, ‘कुनमिंग’, नाम से कुछ कीवर्ड को गूगल पर सर्च किया। गूगल पर हमें
वाइस नाम की वेबसाइट पर इस खबर के बारे में अधिक जानकारी मिली। वाइस मीडिया ग्रुप एक कनाडाई-अमेरिकी डिजिटल मीडिया और प्रसारण कंपनी है। वाइस में 15 सितंबर, 2021 में छपी एक खबर में बताया गया था कि चीन के दक्षिण-पश्चिमी शहर कुनमिंग में कई ऊंची इमारतें सात साल से अधूरी पड़ी थी जिसे 45 सेकंड में विस्फोट की मदद से गिरा दिया गया।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में इस घटना के हाल फिलहाल के होने का दावा फर्जी है। ये घटना कम से कम तीन साल पुरानी है।