दुर्गा माता के पंडाल में एक मुस्लिम महिला के पहुंचकर पूजा करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला दुर्गा माता के पंडाल के पास बुर्का पहन कर पहुंचती है और माता की पूजा करने के लिए पंडाल के अंदर पहुंचती है।
क्या है दावा?
वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो पश्चिम बंगाल का है। यूजर्स कह रहे हैं कि एक मुस्लिम महिला मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा और आस्था रखती है।
हम लोग We The People (@ajaychauhan41) नाम के एक एक्स अकाउंट से लिखा गया “वीडियो अवश्य देखें, वीडियो पश्चिम बंगाल से है। एक मुस्लिम महिला की मां दुर्गा के प्रति इस श्रद्धा और आस्था पर कमेंट में अपनी राय अवश्य व्यक्त करें।”
Yaduvanci (@Ramakan68393780) नाम के एक एक्स यूजर ने लिखा “जब मुस्लिम महिला पहुचीं देवी के पंडाल में मुस्लिम धर्म होकर दुर्गा माता जी का पूजा करने आए।”
पड़ताल
पड़ताल इस वीडियो के बारे में सच जानने के लिए हमने वीडियो की पड़ताल करना शुरू किया। सबसे पहले हमने वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। यहां हमें ‘
Love Dreams Dainhat’ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर ये वीडियो पूरा देखने को मिला। इस वीडियो को पूरा देखने के बाद हमें अंत में एक डिस्क्लेमर देखने को मिला।
वीडियो के डिस्क्लेमर में लिखा गया है कि “यह रील लाइफ विडियो फुटेज केवल जनता को शिक्षित करने के उद्देश्य से बनाया गया है, ताकि उन्हें यह समझाया जा सके कि वास्तविक दुनिया की परिस्थितियां कैसी होंगी और जनता को शिक्षित करने के लिए चित्रित किया गया है। इस वीडियो में पात्र मनोरंजन और शिक्षा के उद्देश्य से हैं।”
ये वीडियो हमें
संजना गलरानी नाम के एक फेसबुक पेज पर मिला। इस वीडियो को 10 अक्तूबर को पोस्ट किया गया है। इस अकाउंट के 40 लाख से ज्यादा फॉलोवर्स है। इस अकाउंट पर कई स्क्रिप्टेड वीडियो मौजूद है। वायरल हो रहा वीडियो भी हमें इस पेज पर मिली जिसके साथ एक डिस्क्लेमर लिखकर ये बताया गया है कि वीडियो स्क्रिप्टेड है।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में ये साफ है कि वीडियो स्क्रिप्टेड है।