Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो को इस दावे के साथ शेयर किया गया है कि ईरान ने इस्राइल पर ड्रोन हमला किया है। यह दावा पूरी तरह से भ्रामक है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर जिस वीडियो को शेयर किया गया है, उसमें ब्रिटिश अखबार द टेलीग्राफ का लोगो भी दिख रहा है। वीडियो को साझा करते हुए दावा किया गया है कि ईरान ने इस्राइल पर 200 से अधिक ड्रोन और मिसाइल से हमला किया है। वीडियो में आसमान में उड़ते कई ड्रोन दिख रहे हैं, जिन पर मिसाइल से हमला हो रहा है। इस सोशल मीडिया यूजर ने लिखा है कि ईरान ने इस्राइल पर अब तक का सबसे घातक हमला किया है। यह भी दावा किया गया है ईरान द्वारा यह हमला इस्राइल के तेल अवीव शहर में किया गया है।
पड़ताल
इस वीडियो की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले गूगल लेंस पर वीडियो के की फ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया। इस दौरान हमें ऐसा ही वीडियो 12 अक्तूबर 2023 को इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया हुआ मिला। यूजर का दावा था कि यह वीडियो हमास द्वारा इस्राइल पर किए गए ड्रोन हमले का है।
वीडियो की और अधिक पुष्टि के लिए हमने drone Hamas Gaza Israel Ashkelon कीवर्ड को यूट्यूब पर सर्च किया। इस दौरान हमें ब्रिटिश अखबार द टेलीग्राफ के यूट्यूब चैनल पर यही वीडियो मिला। टेलीग्राफ ने इस वीडियो को 12 अक्तूबर 2023 को पोस्ट किया था। वीडियो के डिस्क्रिप्शन के अनुसार हमास ने गाजा से इस्राइल के अश्कलोन शहर पर हमला किया था। वीडियो में दिखाया गया है कि इस्राइल के डिफेंस सिस्टम आयरन डोम द्वारा हमास के ड्रोन को हवा में ही नष्ट किया जा रहा है।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल बताती है कि इस वीडियो में किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह वीडियो ईरान द्वारा इस्राइल पर किए गए हमले का नहीं बल्कि हमास द्वारा इस्राइल पर किए गए ड्रोन हमले का है।