सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। वीडियो में एक मस्जिद के बाहर बहुत सारी भीड़ दिख रही है। कुछ नारे भी सुनाई दे रहे है जिसमें पाकिस्तान का विरोध किया जा रहा है।
क्या है दावा
इस वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो मप्र के उज्जैन का है। कहा जा रहा है कि मस्जिद के अंदर मुसलमान पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। जिसके बाद हिंदुओं ने मस्जिद के पास प्रदर्शन किया।
श्री निवास सिंह (@SinghShree1619) नाम के एक एक्स यूजर ने लिखा “ना बटेंगे , ना कटेंगे, हम हिन्दू एक रहेंगें ।। उज्जैन में मुसलमानों ने जुलूस के दौरान मस्जिद से 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारे लगाए ।। इसके विरोध में हिंदुओं ने मस्जिद के पास प्रदर्शन किया , और पाकिस्तान प्रेमियों को उसकी औकात बता दी !!”
हिंदू सेना (@thehindu_sena) नाम के अकाउंट से लिखा गया “उज्जैन में मुसलमानों ने अपने जुलूस में मस्जिद से पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए। अगले दिन वहां के हिंदुओं ने मस्जिद को घेरकर प्रदर्शन किया। कम से कम इतनी एकता भी दिखाई जाए तो एक भी मुल्ले की पाकिस्तान कहने की हिम्मत नहीं होगी।”
पड़ताल
दावे की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया तो हमें
यूट्यूब का एक लिंक मिला। यहां वायरल में दिख रही मस्जिद मौजूद थी। ये वीडियो 2018 में पोस्ट किया गया था। वीडियो में इसकी लोकेशन कर्नाटक गुलबर्गा बताई गई थी। जिसमें मस्जिद के सामने से जुलूस निकल रहा था।
इसके बाद हमने उज्जैन के मस्जिद में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगने वाले दावों को कई कीवर्ड के साथ सर्च किया। इंटरनेट पर हमें इससे संबंधित कोई खबर नहीं मिली। आगे और अधिक पड़ताल करने पर गूगल रिवर्स इमेज से हमें इस मस्जिद का नाम पता चला। इस मस्जिद के नाम को हमने गूगल मैप्स पर सर्च किया। हमें गूगल मैप्स पर इस मस्जिद की लोकेशन अलैंड रोड कलबुर्गी, कर्नाटक में मिली।
पड़ताल का नतीजा
साफ है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। हमारी पड़ताल में ये साफ है कि वीडियो उज्जैन का नहीं है।