सोशल मीडिया एक्स पर एक वीडियो वायरल हो रहा है वीडियो किसी फैक्टरी का लग रहा है। इसी वीडियो में एक आदमी भी नजर आ रहा है जो एक सफेद रंग के पदार्थ से भरे कंटेनर में लेटा हुआ है और नहा रहा है।
क्या है दावा
इस वीडियो से दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो केरल की किसी दूध फैक्ट्री का है। जहां एक व्यक्ति दूध में नहा रहा है और उस दूध को बेचने के लिए भेज दिया जाएगा। साथ ही इस घटना को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश भी की जा रही है।
एके गुप्ता (@akg1201) नाम के एक एक्स यूजर ने लिखा “केरल की एक दूध फैक्ट्री का नजारा देखिए, जहां एक मुस्लिम व्यक्ति दूध के टब में नहा रहा है और वही दूध पैक करके बाजार में बेचा जा रहा है।”
अभिषेक गुप्ता (@mind_kracker) नाम के एक एक्स अकाउंट से लिखा गया “केरल की एक दूध डेयरी (फैक्ट्री) का नजारा देखिए , जहां एक व्यक्ति दूध के टब में नहा रहा है और वही दूध पैक करके बाजार में बेचा जा रहा है। इस घटना की जांच होना बहुत जरूरी है। आखिर लोगों की सेहत से खिलवाड़ कब तक चलेगा।।
पड़ताल
इस वीडियो की पड़ताल करने के लिए हमने इस वीडियो से जुड़े कीवर्ड को इंटरनेट पर सर्च किया। यहां हमें
एनडीटीवी की एक खबर मिली जिसमें वायरल वीडियो मौजूद था। इस खबर में बताया गया था कि ये वीडियो तुर्की में एक डेयरी प्लांट का है। जहां एक कर्मचारी के दूध के बर्तन में डुबकी लगा रहा था। वीडियो के वायरल होने के बाद इस डेयरी प्लांट को बंद कर दिया गया था।
आगे हमें
न्यूज़ 18 पर भी ये खबर मिली। खबर में बताया गया था कि यह डेयरी प्लांट कोनी के केंद्रीय एनाटोलियन प्रांत में स्थित है। इस कर्मचारी की पहचान एमर सायर के रूप में हुई है। वीडियो वायरल होने के बाद डेयरी प्लांट को बंद कराने के साथ ही जुर्माना भी लगाया गया था।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में ये साफ है कि वीडियो केरल का नहीं तुर्की का है।