ईरान- इस्राइल के बीच 10 दिन से जारी सघंर्ष में अब अमेरिका की भी एंट्री हो गई है। शनिवार रात अमेरिका ने ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर हमला किया। इन ठिकानों में फोर्डो, नतांज और इस्फहान शामिल हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में तेज धमाका होते नजर आ रहा है। इसके साथ ही आग की तेज लपटें भी दिख रहे हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो अमेरिका के ओर से ईरान पर किए जाने वाले हमला के दौरान का है।
अमर उजाला ने अपने पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने वायरल वीडियो को नौ महीना पुराना पाया है। यह वीडियो 18 सितंबर 2024 का है, जब यूक्रेन ने रूस पर हमला किया था।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो अमेरिका के ईरान पर हमले के दौरान का है।
जितेंद्र प्रताप सिंह (@jpsin1 )नाम के एक्स यूजर ने लिखा, "ईरान के फोर्दो में वहां रखे ईरान के तमाम न्यूक्लियर वारहेड में ब्लास्ट की पुष्टि हो गई है न्यूक्लियर मशरूम बड़े पैमाने पर दिख रहे हैं ईरान में बड़े लेवल पर रेडिएशन फैल रहा है 56 विधवा बहनों का इकलौता भाई जिसे गुंडई करने का बड़ा शौक था उसकी गुंडई 2 मिनट में खत्म कर दी गई और 56 इस्लामिक देश चुपचाप देख रहे हैं।" पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।
इसी तरह के कई अन्य दावों के लिंक आप
यहां और
यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप
यहां और
यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें
जेपी वर्ल्ड की यूट्यूब पर वायरल वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो 19 सितंबर को साझा किया गया है। वीडियो साझा कर बताया जा रहा है कि यूक्रेन ने रूस पर 250 टन विस्फोटकों से हमला किया।

आगे की पड़ताल के लिए हमने वीडियो में इस्तेमाल कीवर्ड से सर्च किया। इस दौरान हमें बीबीसी की रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट 19 सितंबर 2024 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में वायरल वीडियो की एक कीफ्रेम दिखने को मिला। इसमें बताया गया है कि रूसी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, रूस के ट्वेर क्षेत्र में एक बड़े यूक्रेनी ड्रोन हमले के कारण आग लग गई, जिसमें 13 लोग घायल हो गए। टोरोपेट्स शहर में हुए एक बड़े विस्फोट की अपुष्ट फुटेज सामने आई है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो फुटेज में विस्फोट और धुएं से आसमान का एक बड़ा हिस्सा ढका हुआ दिखाई दे रहा है। बुधवार की सुबह हुए हमले के बाद क्षेत्र को खाली करने का आदेश दिया गया।

इसके बाद हमें एनडीटीवी की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 18 सितंबर 2024 को प्रकाशित की गई है। युद्ध ब्लॉगरों और कुछ मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बुधवार को रूस पर यूक्रेन के बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया गया। इसके कारण ट्वेर क्षेत्र में एक प्रमुख शस्त्रागार में भूकंप के आकार का विस्फोट हुआ, जिसके कारण पास के एक कस्बे को खाली कराना पड़ा।

इससे साफ होता है कि वायरल वीडियो नौ महीनेपुराना है। यह वीडियो रूस का है, जिसें ईरान का बताकर शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो को ईरान-अमेरिका से कोई संबंध नहीं है।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में वायरल वीडियो को भ्रामक पाया गया है। यह वीडियो नौ महीना पुराना है। इसके साथ ही यह वीडियो यूक्रेन के रूस पर हमले के दौरान का है।