सोशल मीडिया एप एक्स पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें डोनाल्ड ट्रंप भाषण देते हुए नजर आ रहे हैं। भाषण में ट्रंप भारत और हिंदू के बारे में कुछ कहते हुए सुनाई दे रहे हैं। अमेरिका में 2024 में चुनाव होने वाले हैं, जिससे जोड़कर ट्रंप के इस भाषण को दिखाया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर ट्रंप के भाषण का हिस्सा शेयर किया जा रहा है इसमें वो कहते हुए नजर आ रहें है “मैं हिंदू और भारत का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं। अगर मैं राष्ट्रपति चुना जाता हूं, तो हिंदू समुदाय और भारत को व्हाइट हाउस में एक सच्चा दोस्त मिलेगा। हम सुरक्षा के बिना समृद्ध नहीं हो सकते और भारत ने हमेशा कट्टरपंथी इस्लामी आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई का समर्थन किया है”
दावा है कि ये भाषण हाल फिलहाल का है जिसमें दावा किया जा रहा है कि ट्रंप को हिंदुओं और भारत की सराहना कर रहे हैं।
अभिजीत मजूमदार (@abhijitmajumder) नाम के एक एक्स यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा “कोई भी अमेरिकी राष्ट्रपति हिंदुओं और भारत के बारे में इतना साहसी और स्पष्ट नहीं रहा है। #ट्रम्प”
मेघ अपडेट्स (@MeghUpdates) नाम के एक यूजर ने लिखा “मैं हिंदू और भारत का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं। अगर मैं राष्ट्रपति चुना जाता हूं, तो हिंदू समुदाय और भारत को व्हाइट हाउस में एक सच्चा दोस्त मिलेगा। हम सुरक्षा के बिना समृद्ध नहीं हो सकते और भारत ने हमेशा कट्टरपंथी इस्लामी आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई का समर्थन किया है: डोनाल्ड ट्रंप”
पड़ताल
इस वीडियो की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले गूगल पर वायरल वीडियो के की-फ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया। गूगल रिजल्ट में हमें फेसबुक का एक लिंक दिखा। ये फेसबुक पेज
एएनआई का था। यहां पर ट्रंप का ये वीडियो 16 अक्टूबर 2016 में शेयर किया गया था। यहां से ये साफ हो गया कि वीडियो 2024 के चुनावों से संबंधित नहीं है।
इस वीडियो के बारे में और जानने के लिए हमने ‘डोनाल्ड ट्रंप’, ‘हिंदू’, ‘इंडियन’ जैसे कुछ कीवर्ड को गूगल पर शेयर किया। यहां पर गूगल ने हमें “द इंडियन एक्सप्रेस” की एक खबर दिखाई। इस खबर को भी 2016 में छापा गया था। जिसमें ट्रंप के इस भाषण के बारे में बताया गया था।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल से ये साफ हो गया कि वीडियो 2024 के चुनाव से जुड़ा हुआ नहीं है। ये वीडियो सात साल पुराना है।