लोकसभा का चुनाव चल रहा है और इसी बीच एक्स पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। वीडियो में एक मतदान केंद्र के अंदर कुछ लोग दिखाई दे रहे हैं। इस मतदान केंद्र में रखी पोलिंग यूनिट के करीब खड़ा एक व्यक्ति एक के बाद एक कई बार वोट डालता दिखाई दे रहा है।
क्या है दावा?
एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर शेयर किए जा रहे वीडियो में फर्जी मतदान होने का दावा किया जा रहा है। इसे अलग-अलग यूजर्स ने अलग-अलग दावे के साथ शेयर किया है। नवीन मिश्रा नाम के यूजर ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, 'बहादुरपुरा कृपया इसे वायरल करें, ताकि चुनाव आयोग द्वारा पुनः चुनाव कराया जा सके। इसी के भरोसे ही तो 400 पार होंगे।' पोस्ट का
लिंक यहां देखें।
इसी तरह 'नरेंद्र मोदी परिवार' नाम के वैरिफाइड अकाउंट से भी यही वीडियो शेयर किया गया। इस पोस्ट में लिखा गया है, 'माधवी लता जी यही है वो वीडियो जहां एक आदमी लगातार ईवीएम का बटन दबा रहा है'। यूजर ने अपने पोस्ट में माधवी लता को भी टैग किया है। बता दें कि माधवी लता हैदराबाद लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार हैं। पोस्ट का लिंक
यहां देखें।
पड़ताल
इस वीडियो की पड़ताल के लिए सबसे पहले हमने इसे गूगल लेंस पर सर्च किया जिससे हमें इससे संबंधित यूट्यूब वीडियो की तस्वीर मिली जो की टीवी9 बंगला की है। खबर की पुष्टि के लिए हमने उस वीडियो को यूट्यूब पर सर्च किया "West Bangal Municipal Election 2022" लिख कर और फिर उस वीडियो के कैप्शन को गूगल ट्रांसलेट से हिंदी में समझा। इसे टीवी9 द्वारा 27 फरवरी 2022 को पोस्ट किया गया था जिसके कैप्शन में लिखा है की यह वीडियो पश्चिम बंगाल के नगर निगम चुनाव का है। इसके बाद हमने इसकी पुष्टि के लिए गूगल पर नगर निगम 2022 के चुनाव की तारीख पता की। पश्चिम बंगाल में नगर निगम का चुनाव भी 27 फरवरी 2022 को ही हुआ था। फिर हमने ट्विटर एडवांस सर्च के माध्यम से वहां के राजनीतिक दलों के अकाउंट सर्च किए जिसमे हमें भाजपा बंगाल के अकाउंट पर ये वीडियो मिला जो की 27 फरवरी 2022 का था। भाजपा के अकाउंट पर भी इसे बंगाल का बताया गया।
इस वीडियो के होने की पुष्टि हैदराबाद सिटी पुलिस ने भी पोस्ट व प्रेस रिलीज के माध्यम से की है। पोस्ट का लिंक
यहां देखें।
प्रेस रिलीज का लिंक
यहां देखें।
हैदराबाद सिटी पुलिस ने अपने फेसबुक पर पोस्ट करते हुए बताया है की इस वीडियो को लेकर उनके पास एक शिकायत दर्ज की गई थी जिसकी कार्यवाई के दौरान उन्होंने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पोस्ट का लिंक
यहां देखें।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में हमें पता चला कि यह वीडियो पश्चिम बंगाल के नगर निगम के 2022 के चुनाव का है। यह घटना फरवरी 2022 की है और वीडियो दक्षिणी दमदम का है। वीडियो के माध्यम से लोगों को भ्रमित करने के लिए इसे गलत संदर्भ में अब पेश किया जा रहा है।