लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे आ चुके हैं। 4 जून को नतीजे आए, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को सबसे ज्यादा 240 सीटें मिलीं। वहीं दक्षिण के राज्य तमिलनाडु में 39 में से विपक्षी गठबंधन ने सबसे ज्यादा 38 सीटें जीती हैं। कोयंबटूर सीट पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई उतरे थे जिन्हें हार का सामना करना पड़ा है। उन्हें द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (डीएमके) पार्टी के उम्मीदवार गणपति राजकुमार पी. ने 1,18,068 वोटों से हराया। उनकी हार के बाद सोशल मीडिया पर एक लिस्ट काफी वायरल है। इस लिस्ट में चौथे नंबर पर CU नंबर 'BCUAF23809' के आगे सिर्फ '1' लिखा है। इसे शेयर करते हुए यूजर्स दावा कर रहे हैं कि अन्नामलाई को एक बूथ पर सिर्फ एक वोट मिला है।
पीटीआई फैक्ट चेक डेस्क ने वायरल लिस्ट की पड़ताल की, जिसमें यह एडिटेड निकला। डेस्क ने अपनी पड़ताल में पाया कि मूल लिस्ट में वोटों की कुल संख्या ‘101’ है, जिसे एडिट करके फर्जी दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।
दावा :
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर एक यूजर ने लिखा, “ब्रेकिंग : बीजेपी के भावी पीएम उम्मीदवार अन्नामलाई को एक बूथ पर केवल एक वोट मिला।” पोस्ट का लिंक, आर्काइव लिंक और स्क्रीनशॉट यहां देखें।

एक फेसबुक यूजर ने अन्नामलाई की तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा, “भाजपा के तमिलनाडु प्रमुख अन्नामलाई को उनके संसदीय क्षेत्र के एक बूथ पर केवल एक वोट मिला।” पोस्ट का लिंक, आर्काइव लिंक और स्क्रीनशॉट यहां देखें।
पड़ताल :
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए डेस्क ने लिस्ट को ध्यान से देखा। इसमें दी गई जानकारी तमिल भाषा में है। गूगल ट्रांसलेट के जरिए अनुवाद करने पर, डेस्क ने पाया कि लिस्ट में कोयंबटूर संसदीय सीट से चुनाव लड़ रहे तीन उम्मीदवार के. अन्नामलाई, रामचंद्रन और गणपति राजकुमार पी. के नाम व बूथ संख्या के साथ-साथ पहले राउंड में प्राप्त वोटों को दर्शाया गया है। इस लिस्ट में CU नंबर 'BCUAF23809' के आगे सिर्फ ‘1’ लिखा है। स्क्रीनशॉट यहां देखें।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए डेस्क ने वायरल तस्वीर को गूगल लेंस के जरिए रिवर्स सर्च किया। इस दौरान पीटीआई फैक्ट चेक को तमिलनाडु बीजेपी युवा विंग के सोशल मीडिया प्रभारी का एक ट्वीट मिला। एक अन्य यूजर द्वारा शेयर की गई वायरल लिस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने इसे फर्जी बताया और एक और लिस्ट शेयर की। इस लिस्ट में CU नंबर 'BCUAF23809' के आगे '101' लिखा हुआ था। पोस्ट का लिंक और स्क्रीनशॉट यहां देखें।

तमिलनाडु बीजेपी के प्रदेश सचिव डॉ. एसजी सूर्या ने वायरल लिस्ट को फर्जी और फोटोशॉप्ड बताया और मूल लिस्ट शेयर की। पोस्ट का लिंक और स्क्रीनशॉट यहां देखें।

पड़ताल के दौरान पीटीआई फैक्ट चेक को मूल लिस्ट 'सन न्यूज' के आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट पर मिली। इसके कैप्शन के मुताबिक, “कोयंबटूर लोकसभा सीट से डीएमके उम्मीदवार गणपति राजकुमार पी. पहले राउंड की गिनती में आगे हैं।” इस लिस्ट में CU नंबर 'BCUAF23809' के आगे भी '101' लिखा था। पोस्ट का लिंक और स्क्रीनशॉट यहां देखें।

पड़ताल के अंत में डेस्क ने वायरल लिस्ट और 'सन न्यूज' द्वारा साझा की गई लिस्ट की तुलना की, जिसका स्क्रीनशॉट यहां देखें।

लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे घोषित हो गए हैं। भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी 240 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जबकि कांग्रेस पार्टी 99 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं तमिलनाडु की कोयंबटूर लोकसभा सीट से के. अन्नामलाई 1,18,068 वोटों से हार गए. पूरी जानकारी यहां क्लिक करके देखें।

डेस्क की अब तक की पड़ताल से यह साफ है कि मूल लिस्ट के साथ छेड़छाड़कर वायरल लिस्ट तैयार किया गया है। यूजर्स एडिटेड लिस्ट को फर्जी दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं।
दावा
कोयंबटूर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे के. अन्नामलाई को एक बूथ पर केवल एक वोट मिला।
तथ्य
पीटीआई फैक्ट चेक डेस्क की पड़ताल में वायरल दावा फर्जी निकला।
निष्कर्ष
सोशल मीडिया पर वोटों की गिनती की सूची की एक तस्वीर काफी वायरल है। दावा किया जा रहा है कि कोयंबटूर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे के. अन्नामलाई को एक बूथ पर केवल एक वोट मिला। हालांकि, पीटीआई फैक्ट चेक डेस्क की पड़ताल में वायरल लिस्ट फर्जी और एडिटेड निकला।
(This story was originally published by PTI Fact Check Desk as part of the Shakti Collective. Except for the headline/excerpt/opening introduction para this story has not been edited by Amar Ujala staff)