बिहार में साल के अंत में चुनाव होने वाले हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बिहार में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 चल रहा है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। पोस्ट में लिखा है कि बिहार में 21 अक्तूबर से 20 नवंबर तक चुनाव होगा। पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख की घोषण हो गई है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बिहार ने इस दावे को फर्जी बताया है। उन्होंने बताया कि चुनाव की तारीख की घोषणा भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा ही की जाती है। इसके साथ ही वायरल पोस्ट में , जिस तारीख को बिहार चुनाव होने का दावा किया जा रहा है। वह 2010 बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखें हैं।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर दावा किया जा रहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख का एलान हो गया है।
नायाब अहमद (@Haji_Nayab_786) नाम के यूजर ने एक्स पर लिखा “ बिहार विधानसभा चुनाव की हुई घोषणा, 21 अक्टूबर से 20 नवंबर तक चुनाव होगी..! 24 नवंबर को मतगणना..”. पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।
इसी तरह के कई अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
दावे की पड़ताल करने के लिए हमने पोस्ट से जुड़े कीवर्ड से सर्च किया। इस दौरान हमें वायरल दावे से संबंधित कोई खबर नहीं मिली।
इसके बाद हमने भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर वायरल पोस्ट के बारे में सर्च किया। यहां भी हमें पोस्ट से संबंधित कोई सूचना नहीं मिली।

आगे की पड़ताल में हमने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बिहार के एक्स हैंडल पर एक पोस्ट मिली। यह पोस्ट 3 जुलाई 2025 को की गई है। पोस्ट में बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों को लेकर किए जाने वाले दावे को गलत बताया गया है। इसके साथ ही पोस्ट में यह भी लिखा है कि भारत में चुनाव की तारीखें केवल भारत निर्वाचन आयोग घोषित करता है। आयोग की आधिकारिक घोषणा के बिना किसी भी तरह की तारीख या चरणों की जानकारी का प्रचार करना गैरकानूनी है।
यहां से साफ होता है कि सोशल मीडिया पर बिहार विधानसभा चुवान की तारीखों की घोषण फिलहाल नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर इससे जुड़ी पोस्ट फर्जी है।
आगे की पड़ताल में हमें प्रेस सूचना ब्यूरो का एक प्रेस नोट मिला। यह प्रेस नोट 6 सितबंर 2010 को जारी किया गया था। प्रेस नोट से पता चला कि वायरल पोस्ट में, जिस तारीख पर बिहार चुनाव होने का दावा किया जा रहा है। वह 2010 बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख है। दरअसल, 2010 में बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख 21 अक्तूबर से 20 नवबंर 2010 के बीच थी। वहीं चुनाव के नतीजे 24 नवबंर 2010 को आए थे। यह चुनाव छह चरणों में हुआ था।

पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को झूठा पाया है। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से अभी तक बिहार विधानसभा चुनाव का एलान नहीं हुआ है।