सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि एक व्यक्ति ने पीएम मोदी का पुतला जलाने की कोशिश में खुद को आग लगा ली। कहा जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के कानपुर में लाल टोपी लगाए समाजवादी पार्टी के एक कार्यकर्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाने की कोशिश करते हुए लगभग खुद को आग लगा ली।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। हमारी पड़ताल में पता चला कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति समाजवादी पार्टी (सपा) का सदस्य है। उसने 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा की हार के बाद आत्महत्या करने की कोशिश की थी। उसने गलती से खुद को आग नहीं लगाई, जैसा कि पोस्ट में कहा गया है।
वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि सपा के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंकने गए थे और खुद को ही जला लिया। इस वीडियो को हालिया का बताकर शेयर किया जा रहा है।
सनातनी हूँ कट्टर नाम के एक फेसबुक यूजर ने इस वीडियो को शेयर करके लिखा “UP के कानपुर में लाल टोपे वाले सपाई का खुद ही पुतला जल गया होता, चले थे मोदी का पुतला जलानेl” पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप
यहां और
यहां देख सकते हैं।
इस तरह के कई और दावों के लिंक आप
यहां और
यहां देख सकते हैं। इसके आर्काइव लिंक आप
यहां और
यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
दावे की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। यहां हमें इस वीडियो से जुड़ी हुई कई मीडिया रिपोर्ट देखने को मिलीं। रिपोर्ट 2022 में प्रकाशित की गई थी। यहां से हमें पता चला कि घटना 2022 में उत्तर प्रदेश में हुई थी। 10 मार्च 2022 को
‘इंडिया टुडे’ द्वारा प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, वीडियो में दिख रहा व्यक्ति नरेंद्र सिंह उर्फ पिंटू ठाकुर है, जो समाजवादी पार्टी (सपा) से जुड़ा हुआ है। 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में सपा की हार के बाद उसने आत्महत्या का प्रयास किया।
इस खबर को हमने आगे कीवर्ड के माध्यम से सर्च किया। यहां हमें एनडीटीवी की एक खबर देखने को मिली। खबर में पता चला कि नरेंद्र को अस्पताल ले जाया गया है। उनकी गर्दन, चेहरे और बांहों पर जलने के निशान आए हैं, हालांकि वह खतरे से बाहर थे।
11 मार्च 2022 के एक इंस्टाग्राम पोस्ट में आप इस वीडियो को पूरा देख सकते हैं। कैसे वह पहले अपने शरीर पर पेट्रोल डालते हैं और फिर माचिस जलाते हैं। इस वीडियो को पोस्ट करके बताया गया था “ये सपा का कार्यकर्ता लखनऊ विधानसभा के सामने आत्मदाह का प्रयास कर रहा था। आग लगने पर ये अहसास ज़रूर हो गया कि आग की लपटें कितनी तेज होती हैं और इतना आसान नही होता है खुद को जलाना।”
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि वीडियो 2022 का है। इस वीडियो को हालिया बताकर भ्रामक दावा किया जा रहा है।