सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि एक व्यक्ति एक गाय पर गोली चला रहा है। व्यक्ति गाय पर दो बार गोली चलाता है।
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि गोली चलाने वाले व्यक्ति का नाम मोहम्मद मुजाहिद इस्लाम है। इसे केरल कांग्रेस का मीडिया प्रभारी बताया जा रहा है। जिसने वायनाड में प्रियंका की जीत के बाद गाय को गोली मार दी।
मौली. (@Chandramouli1_) नाम के एक एक्स यूजर ने लिखा “यह बर्बर व्यक्ति मोहम्मद मुजाहिद इस्लाम है, जो केरल कांग्रेस का मीडिया प्रभारी है। उसने प्रियंका गांधी की जीत का जश्न मनाने के लिए एक गाय के सिर में गोली मार दी। इस वीडियो को तब तक शेयर करें जब तक यह भारत के गृह मंत्रालय तक न पहुंच जाए और उसे गिरफ्तार न कर लिया जाए।” (
पोस्ट का आर्काइव लिंक)
युवराज पोखरना (@iyuvrajpokharna) नाम के एक एक्स यूजर ने लिखा “सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार यह बर्बर व्यक्ति मोहम्मद मुजाहिद इस्लाम है, जो केरल कांग्रेस का मीडिया प्रभारी है। इस जानवर को सताया जाना चाहिए, इसके अंडकोष काटकर, भूनकर गिद्धों को परोस देना चाहिए।” (
पोस्ट का आर्काइव लिंक)
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। वहां से हमें पता चला कि ये वीडियो 7 मई 2024 को भी वायरल हुआ था। उस समय इसे राहुल गांधी से जोड़कर वायरल किया गया था। उस समय वीडियो शेयर करके दावा किया जा रहा था कि राहुल गांधी की जीत के लिए गोली मारकर गाय की बलि दे दी। इस दावे का खंडन करती हुए एक रिपोर्ट
DFRAC नाम की वेबसाइट पर मिली।
आगे हमें
प्राग न्यूज पर वायरल वीडियो के बारे में खबर मिली। इस खबर को 7 मई 2024 को प्रकाशित किया गया था। यहां से हमें ये पता चला कि ये खबर प्रियंका गांधी के लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ने से काफी पहले की है।
खबर में बताया गया था कि ये मामला मणिपुर का था जहां एक व्यक्ति ने पेड़ से बंधी गाय पर गोली चला दी।
इस मामले पर
पेटा इंडिया की प्रतिक्रिया सामने आई थी। पेटा इंडिया की तरफ से कहा गया था “पेटा इंडिया की क्रूरता प्रतिक्रिया टीम मणिपुर पुलिस के साइबर अपराध सेल के साथ मिलकर अपराध के स्थान के बारे में जानकारी जुटा रही है। एक बार जब यह पता चल जाएगा तो हम संबंधित जिला पुलिस के साथ मिलकर एफआईआर दर्ज करवाएंगे और आवश्यक कार्रवाई करेंगे।”
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में ये साफ है कि वीडियो प्रियंका गांधी की जीत के बाद का नहीं है।