सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है। तस्वीर में पूर्व क्रिक्रेटर सचिन तेंदुलकर विराट कोहली के तस्वीर के साथ नजर आ रहे हैं। तस्वीर को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि सचिन तेंदुलकर ने इंग्लैंड के लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान में विराट कोहली की तस्वीर के सामने फोटो ली है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल तस्वीर को गलत पाया है। हमने पाया है कि वायरल तस्वीर एआई जनरेटेड है। 10 जुलाई 2025 को लॉर्ड्स स्थित एमसीसी संग्रहालय में सचिन तेंदुलकर के चित्र का अनावरण किया गया। इसी अनावरण वाली तस्वीर के साथ छेड़छाड़ कर फोटो को सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की जा रही है। इसके साथ ही दावा किया जा रहा है कि सचिन तेंदुलकर विराट कोहली की तस्वीर के साथ अपनी फोटो ले रहे हैं।
फैशल खान ( @faishal6447) नाम के एक्स यूजर ने लिखा “ सचिन तेंदुलकर क्रिकेट के भगवान के साथ तस्वीर ले रहे हैं। ” पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।
इसी तरह के कई अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले तस्वीर को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें सचिन तेंदुलकर के एक्स हैंडल पर एक पोस्ट मिली। यह पोस्ट 10 जून 2025 को साझा की गई है। पोस्ट में सचिन ने कई तस्वीरें शेयर की हैं। इसके साथ ही लिखा “मैं पहली बार 1988 में एक नौजवान के रूप में लॉर्ड्स गया था, और 1989 में स्टार क्रिकेट क्लब टीम के साथ वापस आया। मुझे याद है कि मैं पवेलियन के पास खड़ा था, इतिहास को याद कर रहा था और चुपचाप सपने देख रहा था। आज, इसी जगह पर मेरे चित्र का अनावरण होना एक ऐसा एहसास है जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। जीवन सचमुच एक चक्र है। मैं आभारी हूं, और शानदार यादों से भरा हूं।" सचिन द्वारा किए गए पोस्ट में भी पीछे एक तस्वीर नजर आ रही है। इस तस्वीर में खुद सचिन क्रिकेट किट में दिखाई दे रहे हैं। जो वायरल हो रही तस्वीर में नजर आ रहे विराट कोहली की तस्वीर से मिल रही है।

आगे की पड़ताल के लिए हमने तस्वीर को ध्यान से देखा। दोनों तस्वीरों की तुलना करने पर हमें तस्वीर में कई समानताएं नजर आई, जिससे यह पता चलता है कि वायरल तस्वीर दरअसल उसी इवेंट में अलग-अलग एंगल से ली गई तस्वीर का एडिटेड वर्जन है।
इसके साथ ही हमें तस्वीर में हमें कुछ विसंगतियां भी दिखाई दीं।
इसके बाद हमें तस्वीर की एआई से बनी होने का संदेह हुआ। हमने एआई से बने होने की पड़ताल के लिए कैन्टिलक्स टूल का इस्तेमाल किया। यह एक एआई डिटेक्शन टूल है। इस टूल से जांच करने से पता चला कि तस्वीर को एआई के माध्यम से बनाया गया है। टूल ने तस्वीर की कई पैमाने पर जांच की। टूल ने तस्वीर का पैटर्न विश्लेषण, बनावट और आर्टिफैक्ट डिटेक्शन की जांच की। सभी जांच के बाद टूल तस्वीर को एआई से बना बताया।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपने पड़ताल में वायरल तस्वीर को एआई जनेरेट पाया है। वास्तविक तस्वीर में सचिन की फोटो को एडिट करके विराट का चेहरा लगाया गया है। वायरल तस्वीर को शेयर कर लोगों में भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है।