फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fact Check: पीएम मोदी की हरियाणा रैली में खाली कुर्सियों वाला दावा भ्रामक, यहां जानें वायरल वीडियो का सच

Mon, 20 May 2024 08:27 PM IST
शिवेंद्र स्पेशल डेस्क, अमर उजाला

सार

Fact Check: लोकसभा चुनावों के बीच, सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर दावा किया जा रहा है कि बीते शनिवार को हरियाणा में हुई प्रधानमंत्री मोदी की रैली में कुर्सियां खाली रह गईं। हालांकि, Newschecker ने अपनी जांच में पाया कि यह वीडियो हरियाणा का नहीं है। 
विज्ञापन
FACT CHECK - फोटो : AMAR UJALA
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देशभर में पांच चरण के लोकसभा चुनाव खत्म हो गए हैं। अब बारी है छठे और सातवें दौर के मतदान की, जो क्रमश: 25 मई और 1 जून को होने हैं। इस बीच, सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि बीते शनिवार को हरियाणा में हुई प्रधानमंत्री मोदी की रैली में कुर्सियां खाली रह गईं।

हालांकि, Newschecker ने अपनी जांच में पाया कि यह वीडियो हरियाणा का नहीं, बल्कि बीते 29 अप्रैल को महाराष्ट्र के पुणे में हुई प्रधानमंत्री मोदी की रैली का है। इस दौरान न्यूजचेकर यह पता नहीं कर पाया कि वायरल वीडियो रैली के दौरान का है या बाद का है।

बीते शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा के अंबाला और सोनीपत में रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर और पाकिस्तान के मुद्दे पर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन पर जमकर हमला बोला। इसके अलावा, उन्होंने हरियाणा में आप-कांग्रेस गठबंधन पर भी निशाना साधा और कहा कि ये दोनों यहां साथ घूम रहे हैं जबकि पंजाब में एक दूसरे पर ही हमला कर रहे हैं।

वायरल वीडियो करीब 27 सेकेंड का है। इस वीडियो में एक रैली में खाली कुर्सियां दिखाई दे रही हैं। इसके अलावा, बैकग्राउंड में पीएम मोदी का भाषण चलता हुआ नजर आ रहा है, जिसमें वे कह रहे हैं कि “जब तक मोदी है, इंडी अघाड़ी वालों की सारी साजिशें नाकाम करता रहेगा। साथियों, कांग्रेस शासन की एक और पहचान रही है। आतंकवादियों को खुली छूट। हम कैसे भूल सकते हैं वो समय जब”।

विज्ञापन

Courtesy: X/deepsbishnoi_

Fact Check/Verification

Newschecker ने वायरल वीडियो में पीएम मोदी द्वारा बोले जा रहे शब्दों की मदद से गूगल सर्च किया। इस दौरान न्यूजचेकर को narendramodi.in की वेबसाइट पर 29 अप्रैल 2024 को पुणे की रैली में पीएम मोदी द्वारा दिए गए भाषण का पूरा टेक्स्ट मिला।

इस टेक्स्ट में वायरल वीडियो में मौजूद ऑडियो वाला हिस्सा भी शामिल था। पुणे की रैली में कर्नाटक में मुस्लिम आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए पीएम मोदी ने कहा था कि “उन्होंने कर्नाटक में क्या किया रातों-रात सभी मुसलमानों को एक फतवा निकालकर ओबीसी बना दिया। सबको ओबीसी बना दिया। सर्कुलर निकाल दिया, ठप्पा मार दिया और जैसे ही वो रातों-रात ओबीसी बने सुबह ओबीसी के पास जो 27 परसेंट आरक्षण था उस पर डाका डालकर आधे से ज्यादा माल वो खा गए। ओबीसी वाले सारे लटकते रह गए। मुझे बताइए भाइयों, क्या देश में चलेगा क्या ऐसा? ये इंडी अघाड़ी वाले जरा कान खोलकर सुन लो।। मोदी अभी जिंदा है। ये कान खोलकर के सुन लो, शहजादे जब तक मोदी जिंदा है, धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होने देगा। यह देश नहीं होने देगा और जो ये मंसूबे रखते हैं उनको हमेशा-हमेशा के लिए ये देश राजनीति के नक्शे से मिटा देगा जी। जब तक मोदी है, इंडी अघाड़ी वालों की सारी साजिशें नाकाम वो करता रहेगा।”

आगे उन्होंने यह भी कहा कि “साथियों कांग्रेस शासन की एक और पहचान रही है। आतंकवादियों को खुली छूट, हम कैसे भूल सकते हैं वो समय जब आए दिन देश में आतंकी हमले और बम ब्लास्ट होते थे। आतंकियों ने महाराष्ट्र के मुंबई और पुणे को लहूलुहान कर दिया था। जर्मन बेकरी के सामने क्या हुआ था?”

इस हिस्से वाला वीडियो न्यूजचेकर को प्रधानमंत्री मोदी के यूट्यूब अकाउंट से 29 अप्रैल 2024 को लाइव किए गए वीडियो में भी मिला। इस हिस्से को वीडियो में करीब 39 मिनट से देखा और सुना जा सकता है। साथ ही वायरल क्लिप वाले हिस्से में न्यूजचेकर को भीड़ वाला दृश्य भी देखने को मिला, जिसमें दूर दूर तक लोगों को बैठे हुए देखा जा सकता है।

संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च करने पर न्यूजचेकर को महाराष्ट्र के करजत से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक रोहित पवार का 29 अप्रैल 2024 को किया गया ट्वीट मिला। इस ट्वीट में मौजूद वीडियो, वायरल वीडियो वाले दृश्यों के समान है। रोहित पवार ने कैप्शन में यह दावा किया था कि पुणे में हुई पीएम मोदी की रैली में अधिकांश कुर्सियां खाली रह गईं।


Courtesy: X/RRPSpeaks

हालांकि, रोहित पवार द्वारा ट्वीट किए गए वीडियो में मौजूद ऑडियो में भी प्रधानमंत्री मोदी का भाषण शामिल था। प्रधानमंत्री मोदी इस दौरान यह कहते हुए नजर रहे थे कि “संत समाज सुधारक देश को दिए हैं और आज ये धरती, दुनिया को शानदार इनोवेटर्स दे रही है, टेक एंटरप्रेन्योर दे रही है”।

जब न्यूजचेकर ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा बोले गए इन वाक्यों को खोजा तो पाया कि पीएम ने पुणे की इस रैली में ही ये बातें कही थी। पीएम मोदी ने कहा था कि “साथियों, इस धरती ने महात्मा फुले, साबित्री बाई फुले जैसे अनेक संत समाज सुधारक देश को दिए हैं। और आज ये धरती, दुनिया को शानदार इनोवेटर्स दे रही है, टेक एंटरप्रेन्योर दे रही है। पुणे जितना प्राचीन है, उतना ही फ्यूचरिस्टिक है”।

वायरल वीडियो में दिख रहे दृश्यों का मिलान पुणे में हुई रैली वाले वीडियो से करने पर न्यूजचेकर को कई तरह की समानता देखने को मिलीं, जिसे आप नीचे मौजूद तस्वीर के माध्यम से समझ सकते हैं।

अब न्यूजचेकर ने प्रधानमंत्री मोदी की अंबाला और सोनीपत रैली वाले वीडियो को भी देखा। इस दौरान न्यूजचेकर ने पाया कि पीएम मोदी ने दोनों रैलियों में भाषण देने के दौरान किसी भी तरह की पगड़ी नहीं पहनी थी, जबकि उन्होंने पुणे की रैली में स्थानीय पारंपरिक पगड़ी पहनी थी।

विज्ञापन

Ambala Rally

Sonipat Rally

Conclusion

न्यूजचेकर की जांच में मिले साक्ष्यों से स्पष्ट है कि वायरल वीडियो हरियाणा का नहीं, बल्कि पीएम मोदी की पुणे में हुई रैली का है। हालांकि, न्यूजचेकर यह पता नहीं लगा पाया कि वायरल वीडियो पुणे में हुई रैली के दौरान का है या बाद का है।

Result: False

(This story was originally published by Newschecker as part of the Shakti Collective. Except for the headline/excerpt/opening introduction para this story has not been edited by Amar Ujala staff)

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें