बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की एक कथित तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। कथित तस्वीर में शेख हसीना हिंदू संत से तिलक लगवाते नजर आ रही हैं।
इस फोटो के शेयर करके यूजर्स कह रहे है कि शेख हसीना बांग्लादेश में मुस्लिम बन जाती है और हिंदुस्तान में हिंदू ।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक यूजर ने वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए बांग्ला भाषा में लिखा, “ बड़ी बहन बांग्लादेश में मुस्लिम है और हिंदुस्तान में हिंदू है।” वहीं, फेसबुक पर भी यूजर्स इसी कंटेंट के साथ तस्वीर को वायरल कर रहे है। पोस्ट का लिंक, आर्काइव लिंक और स्क्रीनशॉट यहां देखें।

पड़ताल
पीटीआई फैक्ट चेक डेस्क की जांच में वायरल दावा फर्जी साबित हुआ। हमारी जांच में पता चला है कि तस्वीर को एडिट करके वायरल किया जा रहा है। मूल तस्वीर राहुल गांधी की है। जिसे एडिट करके गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए डेस्क ने गूगल रिवर्स इमेज की मदद ली। जहां हमें कांग्रेस के ऑफिसियल एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट मिला, ये पोस्ट 14 सितंबर को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के समय का था। पोस्ट में राहुल गांधी की मूल तस्वीर संलग्न थी।

संबंधित कीवर्ड के जरिए सर्च करने पर हमें एबीपी न्यूज की वेबसाइट पर एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के अनुसार राहुल गांधी 14 सितंबर 2022 को अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान तिरुवनंतपुरम पहुंचे थे। यहां उन्होंने प्रसिद्ध समाज सुधारक श्री नारायण गुरु को श्रद्धांजलि भी दी थी और संतों का आशीर्वाद भी लिया था। ये तस्वीर उसी समय का है। पूरी रिपोर्ट यहां पढ़ें।

डेस्क ने जांच में पाया कि मूल तस्वीर के साथ छेड़छाड़ की गई है। तुलना का स्क्रीनशॉट यहां देखें।
पड़ताल का नतीजा
हमारी अब तक की जांच से यह स्पष्ट है कि मूल तस्वीर शेख हसीना की नहीं है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तस्वीर को एडिट कर शेख हसीना की तस्वीर लगाकर इसे गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा।
(This story was originally published by
PTI as part of the Shakti Collective. Except for the headline and opening introduction para this story has not been edited by Amar Ujala staff)