सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में एक व्यक्ति टोपी पहले एक व्यक्ति की दाढ़ी खींच कर उसके साथ मारपीट कर रहा है। इस वीडियो को शेयर करके भारत का बताया जा रहा है। साथ ही वीडियो को शेयर करके सांप्रदायिक दावा किया जा रहा है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। हमारी पड़ताल में यह साफ है कि वीडियो भारत का नहीं है बल्कि बांग्लादेश का है। यह वीडियो 28 जून 2025 का है। हमलावर नसीम भुइयां ने कंप्यूटर दुकान के मालिक माणिक की दाढ़ी खींची और माणिक द्वारा भुगतान मांगने पर उसके साथ मारपीट की।
इस मारपीट के वीडियो को शेयर करके हालिया बताया जा रहा है। साथ ही वीडियो को भारत का बताकर शेयर किया जा रहा है।
नूर अली हिदायत (@NoorAliHid46788) नाम के एक एक्स यूजर ने वीडियो को शेयर करके लिखा “दोस्तों इसे इतना रिपोस्ट करो कि ये जाहिल और आतंकी गिरफ्तार हो जाए, इस भ***वे को कोई हक नहीं पहुंचता किसी #आलिम_ए_दीन को इस तरह से मरना” पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
इस तरह के कई और दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इसके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। यहां हमें यह वीडियो kashmir_ki_awaaz09 नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह वीडियो 24 जून को शेयर किया गया मिला। वीडियो के साथ बताया गया था कि “घटना माणिकगंज के घियोर में हुई। माणिक दुकान में बिना पैसे के काम करना चाहता है, इसलिए पैसे की बात करने और बिना पैसे के काम न करने की वजह से, कंप्यूटर एवं प्रशिक्षण केंद्र के मालिक अली आजम माणिक से स्थानीय पुलिस ने पूछताछ की। देखिए, रंगदारी मांगने वाले नसीम भुइयां गोंग को 23/06/2025 को रात लगभग 9:00 बजे उसकी दाढ़ी पकड़कर घसीटा गया और पीटा गया (सीसीटीवी फुटेज)।” आपको बता दें माणिकगंज बांग्लादेश के ढाका संभाग में स्थित एक शहर है।
आगे हमने कीवर्ड के माध्यम से वीडियो को सर्च किया। यहां हमें इस
वीडियो से जुड़ी हुई मीडिया रिपोर्ट कालबेला में देखने को मिली। आपको बता दें दैनिक कालबेला बांग्लादेश से प्रकाशित एक दैनिक समाचार पत्र है। इस रिपोर्ट में बताया गया था कि “माणिकगंज के घियोर उपजिला के बस स्टैंड इलाके में स्थित कंप्यूटर और फोटोकॉपी का कारोबार करने वाले अली आजम माणिक पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह घटना सोमवार (23 जून) रात करीब 9 बजे उपजिला के बस स्टैंड इलाके में स्थित मानिक कंप्यूटर नामक दुकान में हुई। पीड़ित व्यवसायी ने आरोपी नसीम भुइयां (45) के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।”
शिकायत के अनुसार, अली आजम माणिक घियोर बस स्टैंड पर 'माणिक कंप्यूटर' नाम से दुकान चलाते हैं। उसी इलाके का रहने वाला आरोपी नसीम भुइयां अक्सर किसी काम के बहाने उस दुकान पर जाता है और बिल चुकाए बिना ही चला जाता है। जब माणिक पैसे मांगता है, तो नसीम दुकान बंद करने और कारोबार बंद करने की धमकी देता है। सोमवार रात एक बार नसीम दुकान पर आया और जरूरी काम बताया। दुकानदार माणिक किसी दूसरे ग्राहक के काम में व्यस्त था और उसने उसे कुछ देर रुकने के लिए कहा। इससे गुस्साए नसीम ने दुकानदार माणिक की दाढ़ी पकड़ ली और उसे गंदी-गंदी गालियां देने लगा। जब माणिक ने उसे गालियां देने से रोका तो आरोपी नसीम ने उसे लात-घूंसे और थप्पड़ों से पीटना शुरू कर दिया।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि वीडियो 23 जून को बांग्लादेश के माणिकगंज में हुई घटना का है। इसे भारत का बताकर भ्रामक दावा किया जा रहा है।