सोशल मीडिया पर बॉलीवुड अभिनेत्री करीना का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। वायरल हो रहे वीडियो में करीना गर्भवती दिखाई दे रही हैं। यूजर्स इस वीडियो को साझा कर दावा कर रहे हैं कि करीना एक बार फिर मां बनने वाली हैं।
क्या है दावा?
सोशल मीडिया एप एक्स पर वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान आउटिंग के लिए निकली हैं। वीडियो में अभिनेत्री करीना गर्भवती दिखाई दे रही हैं। आस मोहम्मद नाम के एक्स यूजर ने एक्स पर इस वीडियो को साझा किया और लिखा, 'क्या फिर से मां बनने वाली है करीना कपूर खान?'
'हम लोग' नाम के एक एक्स यूजर ने भी इस वीडियो को साझा किया और लिखा, 'क्या फिर से मां बनने वाली है करीना खान?' अन्य सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो कुछ ऐसे ही कैप्शन के साथ वायरल हो रहा है।
पड़ताल
इस वीडियो की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले गूगल पर वायरल वीडियो के की-फ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया। गूगल रिजल्ट में हमें वीडियो से संबंधित एक खबर अमेरिकी मैगजीन '
वोग' पर मिली। यह खबर फरवरी 2021 में प्रकाशित की गई थी। यहां से यह संकेत तो मिल गया कि वायरल हो रहा वीडियो अभी का नहीं है।
खबर से पता चला कि करीना कपूर खान अपनी सबसे अच्छी दोस्त अमृता अरोड़ा के घर पर बर्थडे पार्टी के लिए पहुंची थीं। पार्टी में करिश्मा कपूर, मलाइका अरोड़ा और नताशा पूनावाला जैसी हस्तियां भी शामिल हुई थीं। इस दौरान करीना राजदीप राणावत द्वारा डिजाइन किए गए प्रिंटेड कफ्तान पहने दिखी थीं। करीना की बहन
करिश्मा ने बर्थडे पार्टी की तस्वीर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी शेयर की थी।
इस घटनाक्रम की अधिक जानकारी के लिए हमने अमर उजाला, इंटरटेनमेंट डेस्क से संपर्क किया। यहां से हमें 1 फरवरी, 2022 को
अमर उजाला द्वारा प्रकाशित रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट के अनुसार, करीना कपूर प्रेग्नेंसी के दौर को पूरा एंज्वॉय करते दिखती हैं। मौका मिलते ही कभी वो अपने घर पर खास दोस्तों को इनवाइट कर लेती हैं तो कभी खुद दोस्त की बर्थडे पार्टी में पहुंच जाती हैं। भले ही करीना कपूर की डिलीवरी डेट नजदीक हो लेकिन वो अपनी खास दोस्त अमृता अरोड़ा की जन्मदिन पार्टी मिस नहीं करना चाहतीं। तभी तो सजधज कर जैसे ही वो घर के बाहर निकलीं तो कैमरे के लेंस में कैद हो गईं। खबर के अनुसार, इस वीडियो के आने से पहले करीना कपूर का फोटोशूट वायरल हुआ था। जिसमे वो अपना बेबी बंप फ्लांट करते हुए योगा करते दिख रही थीं।
अमर उजाला की 21 फरवरी, 2021 में प्रकाशित खबर के अनुसार, बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान ने बेटे को जन्म दिया था। सैफ-करीना दोबारा माता-पिता बने थे।
पड़ताल का नतीजा
पड़ताल से साफ है कि वायरल हो रहा वीडियो में करीना को गर्भवती बताया गया है, साढ़े तीन साल से भी पुराना है।