बहुमंजिला इमारत में आग लगने की एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर काफी वायरल है। करीब 15 सेकंड की इस क्लिप में एक पुलिसकर्मी आग में बुरी तरह से झुलसे एक शख्स को बचाते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के जरिये दावा किया गया है कि यह घटना पटना के पाल होटल की है, जहां 18 दिसंबर 2024 को भीषण आग लगने से 24 झुलस गए।
पीटीआई फैक्ट चेक डेस्क की जांच में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुआ। जांच में पता चला कि पटना के पाल होटल में आग लगने की यह घटना हाल की नहीं बल्कि अप्रैल 2024 की है। इस घटना में कुल 8 लोगों की मौत हुई थी। यूजर्स, करीब आठ महीने पुरानी घटना के वीडियो को हाल का बताकर गलत दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘फेसबुक’ पर एक यूजर ने 19 दिसंबर को एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “पटना जंक्शन पाल होटल में कंपनी लग गई आग जल गई है 24 घायल हो गया।” पोस्ट का
लिंक,
आर्काइव लिंक और स्क्रीनशॉट यहां देखें।

कई अन्य यूजर्स भी इस वीडियो को हाल में हुई घटना बताकर समान दावे के साथ शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का लिंक यहां, यहां और यहां देखें।
पड़ताल
वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर पीटाआई को 'अमरनाथ शर्मा' नाम के फेसबुक यूजर के अकाउंट पर भी ऐसा ही एक वीडियो मिला। उन्होंने इस वीडियो को 25 अप्रैल 2024 को 'पटना जंक्शन के पास पाल होटल में लगी आग' कैप्शन के साथ शेयर किया था। पोस्ट का लिंक, स्क्रीनशॉट यहां देखें।

फेसबुक पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को 25 अप्रैल 2024 को शेयर करते हुए इसे पटना के पाल होटल में लगी भीषण आग का बताया था। कुछ पोस्ट का लिंक यहां, यहां और यहां क्लिक कर देखें।
संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल पर सर्च करने पर पीटाआई को इस घटना से जुड़ी कई मीडिया रिपोर्ट मिलीं, जिनमें बताया गया कि यह घटना अप्रैल 2024 में हुई थी। पीटाआई को हाल के दिनों में पाल होटल में लगी आग से जुड़ी ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली।
ईटीवी भारत की वेबसाइट पर 25 अप्रैल 2024 को प्रकाशित एक रिपोर्ट में बताया गया कि पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पाल होटल में यह हादसा हुआ था। रिपोर्ट में पटना सेंट्रल सिटी एसपी चंद्र प्रकाश के हवाले से बताया गया कि इस घटना में 8 लोगों की जान चली गई थी। पूरी रिपोर्ट यहां पढ़ें।

जांच के दौरान पीटाआई को पटना के पाल होटल में आग लगने की घटना से जुड़ी वीडियो रिपोर्ट न्यूज18 और वन इंडिया के यूट्यूब चैनल पर भी मिली, जिसे यहां और यहां क्लिक कर देखें।
पड़ताल का नतीजा
पीटाआई की अब तक की जांच से यह स्पष्ट है कि वायरल वीडियो अप्रैल 2024 का है। पटना के पाल होटल में हाल के दिनों में आग लगने की ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई है। यूजर्स, करीब आठ महीने पुरानी घटना के वीडियो को हाल का बताकर गलत दावे से शेयर कर रहे हैं।
(This story was originally published by
PTI as part of the Shakti Collective. Except for the headline and opening introduction para this story has not been edited by Amar Ujala staff)