हिजबुल्ला-इस्राइल संघर्ष के बीच, इससे जुड़े हुए कई वीडियो को बिना उसकी सच्चाई जाने बगैर शेयर किया जा रहा है। एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है वीडियो में एक जगह पर आगे की लपटें उठती हुई नजर आ रही हैं।
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि लेबनान से लॉन्च की गई मिसाइलों के कारण हाइफा बंदरगाह के अंदर विस्फोट हुआ है। हाइफा इस्राइल का एक बंदरगाह है।
अमानुर रहमान (@the_amanur) नाम के एक एक्स यूजर ने लिखा “लेबनान से दागी गई मिसाइलों के कारण हाइफा बंदरगाह के अंदर विस्फोट हुआ।”
अबो ओबैदा (@Abo_Obaida3) नाम के एक एक्स अकाउंट से लिखा गया “लेबनान से दागी गई मिसाइलों के कारण हाइफ़ा बंदरगाह के अंदर विस्फोट”
पड़ताल
वीडियो की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले गूगल रिवर्स इमेज पर इस वीडियो के कीफ्रेम को सर्च किया। गूगल पर हमें एक
यूट्यूब का लिंक मिला जहां इस वीडियो को 11 दिसंबर 2023 को प्रकाशित किया गया था। ये वीडियो जिस चैनल पर हमें मिला वहां इसे चाइनीज भाषा में प्रकाशित किया गया था। इस शीर्षक का अनुवाद करने पर पता चला कि “बुदाई टाउन में मछली पकड़ने वाली नाव में आग लगने की चौंकाने वाली खबर। मछली पकड़ने वाली नाव आग के समुद्र में फंस गई, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ।” बुदाई, ताइवान के चियाई काउंटी में एक शहरी टाउनशिप है।
इस खबर से जुड़े कीवर्ड से हमें और कई खबरें मिलीं। चाइनीज वेबसाइट
इएनएन की खबर के अनुसार “बुदाई टाउन में एक मछली पकड़ने वाली नाव में आग लग गई, मछली पकड़ने वाली नाव समुद्र में फंस गई, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ।”
एक और चाइनीज वेबसाइट
इनसाइट न्यूज़ नेटवर्क के अनुसार “चियाई काउंटी अग्निशमन विभाग को बुदाई टाउन में हुआन्हे स्ट्रीट के पास एक मछली पकड़ने वाली नाव में आग लगने की सूचना मिली।”
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में ये साफ है कि वीडियो 2023 में ताइवान के बुदाई शहर में हुई एक घटना का है। इसका हिजबुल्ला-इस्राइल संघर्ष से कोई लेना-देना नहीं है।