दिल्ली एनसीआर में सोमवार सुबह आए भूकंप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। इस सीसीटीवी क्लिप को भूकंप से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
क्या है दावा
इस वीडियो को दिल्ली में सोमवार सुबह आए तेज भूकंप के झटके का बताकर शेयर किया जा रहा है। इसे सीसीटीवी से ली गई तस्वीरों के माध्यम से दिल्ली में भूकंप के आने के बारे में बताया जा रहा है।
पवन (@ipawanmina) नाम के एक एक्स यूजर ने लिखा “ विस्फोट और लहर को देखो यह कुछ और था अभी भी इसके बारे में सोच रहा हूं, मेरे घर का सीसीटीवी वीडियो #भूकंप #दिल्ली #भूकंप” (
पोस्टा का आर्काइव लिंक)
रविन्द्र सिंह श्योराण (@TellingRavindra) नाम के एक्स यूजर ने लिखा “दिल्ली के इस भूकंप ने तो सब कुछ हिला दिया।” (
पोस्टा का आर्काइव लिंक)
माहिया18 (@mooniesssoobin) नाम के एक एक्स यूजर ने लिखा "बस विस्फोट और लहर को देखो, यह कुछ और था, अभी भी इसके बारे में सोच रहा हूं, मेरे घर का सीसीटीवी वीडियो #भूकंप #दिल्ली" (
पोस्ट का आर्काइव लिंक)
पड़ताल
इस वीडियो की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। यहां हमें यह वीडियो
मुहम्मद अब्दुल्ला हाशमी नाम के एक एक्स अकाउंट पर देखने को मिला। इस वीडियो को 16 फरवरी रात 12:33 बजे पोस्ट किया गया था। इस एक्स यूजर ने अपनी लोकेशन पाकिस्तान बताई हुई थी। इस पोस्ट के साथ कैप्शन लिखा गया था “विस्फोट और लहर को देखो यह कुछ और था अभी भी इसके बारे में सोच रहा हूँ मेरे घर का सीसीटीवी वीडियो #भूकंप #इस्लामाबाद”
आगे हमने इस वीडियो से जुड़े कुछ मीडिया रिपोर्ट देखीं। पाकिस्तान में भूकंप के बारे में जानने के लिए हमने इससे जुड़े कीवर्ड को सर्च किया। यहां हमें
द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की एक रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट के अनुसार 15 फरवरी को रावलपिंडी और इस्लामाबाद शहरों में भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे निवासियों में भय की लहर दौड़ गई।
दिल्ली में भूकंप के झटके 17 फरवरी सुबह 5:40 पर महसूस किए गए। वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर 16 फरवरी से मौजूद है। जिसमें इसे इस्लामाबाद का बताया गया है। साथ ही कई मीडिया रिपोर्ट से भी पता चलता है कि इस्लामाबाद में 15 फरवरी को भूकंप आया था।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि इस्लामाबाद में आए भूकंप को दिल्ली का बताकर भ्रामक दावा किया जा रहा है।