सोशल मीडिया पर अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स का एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में सुनीता स्पेस स्टेशन में नजर आ रही हैं। इस वीडियो में सुनीता अंतरिक्ष स्टेशन के बारे में कुछ बातें बता रही हैं।
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स 127 दिनों के बाद अंतरिक्ष स्टेशन से वापस आ रही हैं।
अली अली (@AsifMalikyo) नाम के एक एक्स यूजर ने लिखा “127 दिनों की सफल अंतरिक्ष यात्रा के बाद, "सुश्री सुनीता विलियम्स" सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर लौट रही हैं...यह बिल्कुल मन को झकझोर देने वाला वीडियो है”
धनलक्ष्मी (@DhanalakshmiOff) नाम की एक एक्स यूजर ने लिखा “127 दिनों की सफल अंतरिक्ष यात्रा के बाद, "सुश्री सुनीता विलियम्स" सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर लौट रही हैं। यह बिल्कुल मन को झकझोर देने वाला वीडियो है। अवश्य देखें।”
पड़ताल
वीडियो की पड़ताल करने पर हमें
यूनिलैड एडवेंचर नाम का एक लोगो वीडियो में दिखा। आगे हमने इसे कीवर्ड के रूप में इस्तेमाल करके सुनीता विलियम्स के इस वीडियो को खोजने की कोशिश की। कीवर्ड से हमें यूनिलैड वेबसाइट के द्वारा छापी गई एक रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट में लिखा गया था “अंतरिक्ष यात्री ने दिखाया अंतरिक्ष में सोने का विचित्र तरीका।” इस रिपोर्ट को 8 दिसंबर 2023 को प्रकाशित किया गया था।
इस वीडियो को सुनीता विलियम्स ने 2012 में रिकॉर्ड किया था। उन्होने उस समय स्पेस स्टेशन में एक अभियान के अंतिम दिनों में वहां के जीवन के बारे में जानकारी दी थी। इस रिपोर्ट में सुनीता का वायरल वीडियो भी लगाया गया था जो कि
नासा के यूट्यूब चैनल पर प्रकाशित किया गया था।
आपको बता दें 6 जून, 2024 को विलियम्स और विल्मोर ने बोइंग के स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान से 10 दिनों के अभियान के लिए स्पेस स्टेशन में गए थे। स्टारलाइनर में तकनीकी समस्याओं के कारण, अब दोनों के फरवरी 2025 तक वापस लौटने की उम्मीद है।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में ये साफ है कि वीडियो पुराना है। इसका हाल ही के अभियान से कोई संबंध नहीं है