बांग्लादेश में तख्तापलट होने के बाद हालात अभी भी पूरी तरह से सामान्य नहीं हुए हैं। हाल में सोशल मीडिया मंच एक्स पर ऐसी ही एक खबर वायरल हो रही है, जिसमें बांग्लादेश के कुछ छात्र नेताओं के भारत में आने पर रोक की बात की जा रही है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर छह बांग्लादेशी छात्र नेताओं की तस्वीर वायरल हो रही है। इसके जरिए ये दावा किया जा रहा है कि भारत सरकार में इन छह छात्र नेताओं के वीजा पर प्रतिबंध लगा दिया है।
प्रीमियमरजा (@PREMIUMERZA) नाम के एक एक्स यूजर ने बांग्लादेशी वेबसाइट ‘द मिरर एशिया’ का हवाला देते हुए लिखा है “भारत के विदेश मंत्रालय ने छह बांग्लादेशी छात्र नेताओं और उनके करीबी रिश्तेदारों को वीजा न देने के कारण ब्लैक लिस्ट में डाल दिया है, उन पर भारत विरोधी भीड़ को भड़काने और भारत के राष्ट्रीय हितों के खिलाफ गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है।”
मुस्फीक अनम (@Musfiq_Anam13) नाम के एक एक्स यूजर ने लिखा “भारत सरकार ने बांग्लादेश के छह छात्र नेताओं पर वीजा प्रतिबंध लगा दिया है।”
पड़ताल
इस खबर की पड़ताल करने के लिए हमने इंटरनेट पर इस खबर को सर्च किया इसमें हमें एएनआई का पोस्ट मिला।
एएनआई ने विदेश मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से बताया है कि भारत द्वारा छह बांग्लादेशी छात्र नेताओं को वीजा देने से इनकार करने की खबरें फर्जी हैं।
इसके बारे में और अधिक पड़ताल करने के लिए हमने अमर उजाला के न्यूज डेस्क से संपर्क किया वहां से हमें पता चला कि
अमर उजाला ने 2 सितंबर को बांग्लादेशी छात्रों के वीजा पर प्रतिबंध को फर्जी बताते हुए खबर चलाई थी।
पड़ताल की नतीजा
हमारी पड़ताल में ये साफ हो गया कि ये खबर फर्जी है। भारत ने ऐसे किसी वीजा पर प्रतिबंध नहीं लगाया है।