देश में इस समय लोकसभा के चुनाव चल रहे हैं। इस चुनाव में आरक्षण का मुद्दा भी हावी है। भाजपा और कांग्रेस दोनों दल एक दूसरे पर आरक्षण की व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगा रहे हैं। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के भाषणों का एक वीडियो कोलाज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। करीब 27 सेकेंड के इस क्लिप में प्रधानमंत्री को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि अगर मोदी जीत गए तो आरक्षण खत्म हो जाएगा। वीडियो कोलाज में राहुल गांधी आरक्षण के मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए नजर आ रहे हैं। यूजर्स वायरल वीडियो को शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री ने खुद आरक्षण खत्म करने की बात कही है।
पीटीआई फैक्ट चेक डेस्क की पड़ताल में वायरल वीडियो फर्जी निकला। दरअसल, उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधा था। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी की फ्लॉप फिल्म के डायलॉग का संदर्भ देते हुए यह बात कही थी। यूजर्स पीएम मोदी के इसी भाषण के अधूरे हिस्से को फर्जी दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं।
दावा :
महाराष्ट्र कांग्रेस सेवादल नामक ‘एक्स’ यूजर ने वायरल वीडियो के साथ लिखा, “सुनिये जब मोदी ने कबुली आरक्षण खत्म करने की बात।” पोस्ट का लिंक, आर्काइव लिंक और स्क्रीनशॉट यहां देखें।

शेष नारायण गुप्ता नाम के ‘एक्स’ यूजर ने लिखा, “मोदी आरक्षण खत्म करने की बात करते हैं, राहुल गांधी आरक्षण बचाने की बात करते हैं।” पोस्ट का लिंक, आर्काइव लिंक और स्क्रीनशॉट यहां देखें।

पड़ताल :
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए डेस्क ने सबसे पहले संबंधित कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च किया। इस दौरान हमें न्यूज वेबसाइट ईटीवी भारत पर प्रधानमंत्री के बयान से जुड़ी एक रिपोर्ट मिली।
25 अप्रैल को प्रकाशित इस रिपोर्ट में बताया गया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से लोकसभा उम्मीदवार अरुण सागर के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला और कांग्रेस पार्टी के फ्लॉप फिल्म के डायलॉग के संदर्भ में कहा कि कांग्रेस का पहला डायलॉग यह है कि मोदी जीत जाएगा तो तानाशाही आ जाएगी और दूसरा डायलॉग यह है कि मोदी जीत जाएगा तो आरक्षण चला जाएगा। पूरी रिपोर्ट यहां क्लिक करके पढ़ें।

पड़ताल के दौरान हमें भाजपा के यूट्यूब चैनल और उत्तर प्रदेश भाजपा के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर शाहजहांपुर में हुई जनसभा का पूरा वीडियो मिला। वायरल क्लिप को वीडियो के 24:55-26:30 मिनट के हिस्से में देखा जा सकता है।

भाषण के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, ''एक बार फिर कांग्रेस ने अपनी फ्लॉप फिल्म रिलीज की है। कांग्रेस की इस फिल्म में दो डायलॉग हैं। पहला डायलॉग ये है कि अगर मोदी जीत जाएगा तो तानाशाही आ जाएगी। आप इससे सहमत है क्या…?? सहमत है क्या…?? फिर भी उनकी फ्लॉप फिल्म चलती रहती है। दूसरा - मोदी जीत जाएगा तो आरक्षण चला जाएगा। ऐसा झूठ - ऐसा झूठ चलाते रहते हैं… लेकिन आपने देखा होगा जैसे ही.. कांग्रेस की इस फिल्म का ट्रेलर उनके घोषणापत्र में दिखाई दिया…लोगों ने पढ़कर के निकाला… तो ये कांग्रेस का असली चेहरा… कांग्रेस के असली इरादे…और पर्दे के पीछे कांग्रेस का हिडेन एजेंडा क्या है.. देश को उसकी भनक लग गई… देश के कान खड़े हो गए.. देश चौंक गया… और अब तो एक-एक करके इनकी सारी सच्चाई देश के सामने आने लगी है।” पूरा वीडियो यहां क्लिक कर देखें।

हमारी अब तक की पड़ताल से साफ है कि प्रधानमंत्री के भाषण के अधूरे हिस्से को सोशल मीडिया पर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
(This story was originally published by PTI Fact Check, as part of the Shakti Collective. Except for the headline/excerpt/opening introduction para this story has not been edited by Amar Ujala staff)