देश में इस वक्त लोकसभा के चुनाव हो रहे हैं। तीन चरणों की वोटिंग हो चुकी है। बाकी सीटों के लिए 13 मई से 1 जून के बीच वोट डाले जाएंगे। उधर तमाम पार्टियों के स्टार प्रचारक अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए प्रचार में जुटे हैं। पीएम मोदी भी देशभर में चुनावी सभाएं कर रहे हैं और विपक्ष पर जुबानी हमले कर रहे हैं। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने 8 मई को तेलंगाना के करीमनगर में दिए भाषण में दावा किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उद्योग घराने अदाणी और अंबानी का जिक्र करना बंद कर दिया है। इस वीडियो में पीएम मोदी ये भी आरोप लगाते हैं कि पहले राहुल अदाणी-अंबानी की आलोचना खूब करते थे। पर लोकसभा चुनाव 2024 (Loksabha Elections 2024) घोषित होने के बाद से ही उन्होंने आलोचना करना बंद कर दिया है।
'साथियों, आपने देखा होगा कि कांग्रेस के शहजादे पिछले 5 साल से सुबह उठते ही माला जपना शुरू करते थे। जबसे उनका राफेल वाला मामला ग्राउंडेड हो गया, तबसे उन्होंने एक नई माला जपना शुरू की है। 5 साल से एक ही माला जपते थे, 5 उद्योगपति, 5 उद्योगपति, 5 उद्योगपति। फिर धीरे धीरे कहने लगे अंबानी-अदाणी। लेकिन, जबसे चुनाव घोषित हुआ है, इन्होंने अंबानी अदाणी को गाली देना बंद कर दिया। मैं आज तेलंगाना की धरती से पूछना चाहता हूं। जरा ये शहजादे घोषित करें कि चुनाव में अंबानी अदाणी से कितना माल उठाया है? काले धन के कितने बोरे भरकर के रुपए मारे हैं? क्या टेम्पो भरकर नोट कांग्रेस के लिए पहुंची हैं क्या? क्या सौदा हुआ है? कि आपने रातों रात अदाणी अंबानी को गाली देना बंद कर दिया। जरूर दाल में कुछ काला है।'
क्या ये सच है ? : नहीं, प्रधानमंत्री का ये दावा तथ्यों की कसौटी पर खरा नहीं उतरता। पीएम का दावा है कि राहुल ने लोकसभा चुनाव घोषित होने के बाद से अदाणी-अंबानी की आलोचना करना बंद कर दिया।
हालांकि, सच्चाई ये है कि लोकसभा चुनाव की वोटिंग शुरू होने के बाद भी राहुल ने एक नहीं कई बार उद्योग घराने अदाणी-अंबानी की आलोचना करते हुए ऐसे कई आरोप लगाए हैं जो वो पहले भी लगाते रहे हैं।
हमें 19 अप्रैल के बाद के राहुल के ऐसे 16 भाषण मिले, जिनमें वो अदाणी अंबानी का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार पर कई गंभीर आरोप लगा रहे हैं।
द क्विंट ने ये सच कैसे पता लगाया ? : द क्विंट ने लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण की वोटिंग शुरू होने के बाद यानी 19 अप्रैल 2024 के बाद के राहुल गांधी के भाषण सुने। कई भाषणों में राहुल ने अदाणी-अंबानी का जिक्र किया है। एक - एक करके देखते हैं।
बिहार के भागलपुर में (20 अप्रैल 2024)
5 :14 मिनट पर राहुल कहते हैं, आज हिंदुस्तान में 22 लोगों के पास उतना ही धन है, जितना 70 करोड़ हिंदुस्तानियों के पास है। आप सोचिए एक तरफ 22 लोग दूसरी तरफ 70 करोड़ लोग। 70 करोड़ लोग हिंदुस्तान में ऐसे हैं, जिनकी आमदनी 100 रुपए से कम है। एक तरफ अदाणी-अंबानी देश का पूरा का पूरा धन उनको दिया जाता है। दूसरी तरफ गरीब लोग किसान - मजदूर, छोटे व्यापारी।
उत्तरप्रदेश के अमरोहा में (20 अप्रैल 2024)
भाषण में 1:24 मिनट पर राहुल गांधी कहते हैं, ''अदाणी नाम आपने सुना होगा। देश के सारे के सारे एयरपोर्ट उसको दे दिए, बिजली, खदानें, डिफेंस की पूरी की पूरी इंडस्ट्री दे दी।''
महाराष्ट्र के सोलापुर में (24 अप्रैल 2024)
इस भाषण में 6:36 मिनट पर राहुल सवाल उठाते दिख रहे हैं कि जितना टैक्स आम आदमी को देना होता है, उतना ही टैक्स अदाणी से क्यों लिया जाता है ?
ये लिस्ट बहुत लंबी है। अब ज़रा फास्ट फॉरवर्ड करते हुए देखते हैं राहुल ने किन - किन भाषणों में अंबानी-अदाणी का नाम लिया।
कर्नाटक के बीजापुर में 26 अप्रैल 2024 के भाषण में 12:47 मिनट पर राहुल ये आरोप लगाते हैं कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की बीजेपी सरकार ने सारा फायदा अदाणी को पहुंचाया है।
ओडिशा के केंद्रपुरा में 28 अप्रैल 2024 को दिए इस भाषण में 10:45 मिनट पर राहुल गांंधी को ये आरोप लगाते सुना जा सकता है कि CM नवीन पटनायक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य 'अदाणी को सौंप दिया'।
दमन और दियू में 28 अप्रैल को दिए भाषण में 14:25 मिनट के बाद राहुल ये आरोप लगाते हैं कि सरकार इस सुंदर लोकेशन पर अदाणी का नाम लिख देना चाहती है। आगे राहुल कहते हैं ''वो चाहते हैं कि इस बीच पर लोग आएं तो आपका फायदा ना हो, बीच पर साइन हो अदाणी बीच।'
गुजरात के पाटण में 29 अप्रैल 2024 को दिए इस भाषण में 9:18 मिनट पर राहुल अदाणी और अंबानी का नाम लेते हुए कहते हैं कि ऐसे 20-25 लोग हैं। आगे आरोप लगाते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मजदूरों का किसानों का कर्जा माफ नहीं किया पर इन 20-25 लोगों का किया।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 29 अप्रैल 2024 को दिए भाषण में राहुल गांधी 18:25 मिनट पर कहते हैं कि ''इनकी विचारधारा अदाणी, अंबानी जैसे लोगों को देश की जमीन, जंगल, जल देने की है।''
मध्यप्रदेश के भिंड में 30 अप्रैल 2024 को दिए भाषण में राहुल 24:35 मिनट के बाद आरोप लगाते दिख रहे हैं कि 2-3 अरबपतियों को सारा धन दिया जाता है। आगे राहुल कहते हैं कि रेलवे, डिफेंस हर क्षेत्र का काम अदाणी को दिया गया है। ये भी आरोप लगाते हैं कि नए कृषि कानून भी अदाणी को फायदा पहुंचाने के लिए बनाए गए थे।
कर्नाटक के शिवमोंगा के इस भाषण में 36:25 मिनट पर राहुल गांधी मोदी सरकार पर पिछले 10 साल में 22 लोगों के लिए काम करने का आरोप लगाते हैं। आगे राहुल अदाणी-अंबानी का नाम लेते हुए आरोप लगाते हैं कि हिंदुस्तान का धन लेकर इन लोगों की जेब में डाला गया।
महाराष्ट्र के पुणे में 3 मई 2024 को दिए भाषण में 11 मिनट के बाद राहुल ये आरोप लगाते हैं कि मीडिया पर भी अदाणी का नियंत्रण है।
तेलंगाना के गढ़वाल में राहुल ने अपने भाषण में आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने अदाणी-अंबानी जैसे उद्योगपतियों का लाखों करोड़ रुपए कर्जा माफ किया। इस भाषण में 36:30 मिनट के बाद राहुल को ये बात कहते सुना जा सकता है।
मध्यप्रदेश के रतलाम में 6 मई 2024 को दिए भाषण में 23 मिनट के बाद राहुल मीडिया पर आरोप लगाते दिख रहे हैं कि वो आदिवासियों की बात कभी नहीं करते। आगे आरोप लगाते हैं कि मीडिया अंबानी की शादी, बॉलीवुड और नाचगाना दिखाता है पर आदिवासियों पर होने वाला अत्याचार नहीं दिखाता।
राहुल के मई महीने के कुछ भाषणों को विस्तार से यहां देखा जा सकता है, जिनमें राहुल ने अदाणी-अंबानी का जिक्र किया है।
मध्यप्रदेश के खरगौन में (6 मई 2024)
14 : 32 मिनट पर राहुल कहते हैं
भाईयों और बहनों, अगर संविधान खत्म हो गया तो जो भी अधिकार आपको मिले हैं सारा का सारा गायब हो जाएगा, खत्म हो जाएगा। आपकी जमीन, आपका जल, आपका जंगल, रिजर्वेशन, पब्लिक सेक्टर, सारा का सारा गायब हो जाएगा और हिंदुस्तान में 22-25 लोगों का राज होगा। ये कौन लोग हैं? हिंदुस्तान के अरबपति हैं, अदाणी जैसे लोग हैं। जिनकी आंख आपकी जमीन पर है। आपके जंगल पर और आपके जल पर है। ये चाहते हैं कि आपका जल जमीन और जंगल आपसे छीन लिया जाए और इनके हवाले कर दिया जाए। और ये नरेंद्र मोदी जी के खास मित्र हैं। अदाणी का नाम सुना है आपने? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपकी जमीन, आपका जल आपका जंगल उनको देना चाहते हैं।
झारखंड के चाईबासा में (7 मई 2024)
इस भाषण में 25 : 50 मिनट पर राहुल कहते हैं ''भाइयों और बहनों, संविधान से आपको आरक्षण मिलता है, संविधान से आपको नौकरियों मिलती हैं, संविधान से आपके बच्चों की शिक्षा होती है, संविधान से आपके बच्चों का इलाज किया जाता है। अगर ये मिट जाएगा तो आदिवासी कहीं के नहीं रहेंगे। दलित औऱ पिछड़ा वर्ग कहीं का नहीं रहेगा, सारा का सारा 10 -15 अरबपतियों के हाथ में चला जाएगा। अदाणी नाम है आप जानते हो, उसकी नजर आपके जंगल, जमीन और जल पर है और नरेंद्र मोदी उनके लिए काम करते हैं।''
झारखंड के गुमला में (7 May 2024)
इस भाषण में 24:08 मिनट पर राहुल गांधी कहते हैं ''बीजेपी कहती है आप वनवासी हो और फिर पूरा का पूरा जंगल वो अदाणी को देते हैं। 24 घंटा अदाणी के हवाले जंगल करते रहते हैं।''
राहुल गांधी की तरफ से प्रधानमंत्री के आरोपों पर प्रतिक्रिया भी दी गई है।
(This story was originally published by The Quint as part of the Shakti Collective. Except for the headline/excerpt/opening introduction para this story has not been edited by Amar Ujala staff)