सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोलते नजर आ रहे हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि राजनाथ सिंह का कहना है कि पड़ोसी देश चीन के साथ झड़प मामूली है, लेकिन इसे लेकर हमारे सैनिक ज्यादा परेशान हैं।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल वीडियो एआई के माध्यम से बनाया गया है। राजनाथ सिंह ने ऐसी कोई टिप्पणी नहीं की।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि राजनाथ सिंह ने पड़ोसी देश विशेषकर चीन के साथ हुई झड़प इनता बड़ा मुद्दा नहीं है, लेकिन हमारे सैनिक ज्यादा परेशान हैं।
Short News नाम के फेसबुक यूजर ने लिखा, ‘ब्रेकिंग न्यूज भारत के रक्षा मंत्री ने एक अहम बयान में कहा है कि भारतीय सेना चीन से नहीं लड़ सकती।’ पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।
इसी तरह के अन्य पोस्ट के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। वहीं, आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें समाचार एजेंसी एएनआई के एक्स हेंडल पर एक पोस्ट मिला। यह पोस्ट 26 अक्तूबर 2026 को साझा की किया गया है। पोस्ट में बताया गया है कि मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कहते हैं, ‘यह बेहद दुखद है। कल पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी के दिवंगत पिता के बारे में जो बातें कहीं, उससे मुझे गहरा आघात लगा है और बहुत दुख हुआ है। इस पूरी घटना में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि ये टिप्पणियां किसी आम कांग्रेस कार्यकर्ता या युवा नेता ने नहीं, बल्कि उस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने की हैं, जो खुद को देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी होने का दावा करती है। अपने इस आचरण से कांग्रेस अध्यक्ष ने हमारे करोड़ों देशवासियों की भावनाओं को आहत किया है। लेकिन कांग्रेस यहीं नहीं रुकी; अब वे खरगे जी के शब्दों को सही ठहराने की कोशिश करके लोगों की भावनाओं को और अधिक आहत कर रहे हैं। अपनी गलती मानने और खेद प्रकट करने के बजाय, कांग्रेस इस बयान का बचाव करने और इसे सही साबित करने में लगी हुई है।’
आगे की पड़ताल में हमें पीआईबी के एक्स हैंडल पर एक पोस्ट मिली। इस पोस्ट में वायरल दावे को फर्जी बताया गया है। पोस्ट में लिखा है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक छेड़छाड़ किए गए वीडियो में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नाम से भारत-चीन सीमा की स्थिति और भारतीय सेना के जवानों के बारे में झूठे बयान जोड़े गए हैं। इस वीडियो में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल करके छेड़छाड़ की गई है। रक्षा मंत्री ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। यह फर्जी वीडियो राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक संवेदनशील मुद्दे पर उनके बयानों को गलत तरीके से पेश करता है।
इसके बाद हमने एआई टूल हाइव पर सर्च किया। इस टूल ने वायरल वीडियो के अवाज को 99.1 फीसदी एआई से बना पाया है।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को एआई से बना पाया है। इस वीडियो को शेयर कर लोगों में भ्रम फैलाया जा रहा है।