दक्षिण भारत के कई राज्यों में दित्वाह चक्रवात के कारण भारी बारिश हुई। इसी के साथ जगह-जगह बाढ़ के कई वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में एक सड़क का पानी भरे होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि पानी से भरी सड़क पर डूबते हुए गाड़ियां चल रही हैं। इस वीडियो को चेन्नई का बताकर शेयर किया जा रहा है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। हमारी पड़ताल में सामने आया कि यह वीडियो चेन्नई का नहीं बल्कि कोलकाता का है। इसे भ्रमक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के सिंगारकोलम में भारी बारिश के कारण पानी भर गया है।
अन्वेषका दास (@AnveshkaD) नाम के एक एक्स यूजर ने इस वीडियो को शेयर करके लिखा, “चेन्नई में बारिश” इसके साथ ही दित्वाह चक्रवात के हैशटैग को भी इस्तेमाल किया गया है। पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। 
इस तरह के कई और दावों के लिंक आप
यहां और
यहां देख सकते हैं। इसके आर्काइव लिंक आप
यहां और
यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। यहां हमें कैस कलीम नाम के एक फेसबुक अकाउंट पर यह वीडियो देखने को मिला। इस वीडियो को 25 सितंबर को पोस्ट किया गया था। वीडियो को शेयर करके इसे कोलकाता का बताया गया था। इस वीडियो के साथ लिखा गया था, “पार्क सर्कस 7 पॉइंट कोलकाता 23 सितंबर को...”

वायरल और फेसबुक पर पोस्ट वीडियो एक समान दिखा रहे हैं। यानी वीडियो 25 सितंबर से ही सोशल मीडिया पर मौजूद है। वीडियो को बारीकी से देखने पर हमें एक पीले रंग की लाइसेंस प्लेट वाली गाड़ी दिखी, जिस पर पश्चिम बंगाल का नबंर लिखा था। यहां से भी वीडियो को पश्चिम बंगाल के होने के संकेत मिलते हैं।
आगे हमने जियो-लोकेशन का इस्तेमाल करके फेसबुक पर दिए गए लोकेशन और वीडियो में दिख रही दुकानों के एक साथ सर्च किया। यहां हमें यह सड़क और दुकान गूगल स्ट्रीट व्यू में साफ तौर पर देखने को मिली। यहां से यह साफ हो गया कि यह वीडियो कोलकाता का है।

पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि वीडियो कोलकाता के वीडियो को चेन्नई का बताकर शेयर किया जा रहा है।