क्या है दावा?
पूर्व केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो को कई यूट्यूब चैनलों पर अपलोड किया गया है।
वीडियो को साझा कर दावा किया जा रहा है कि भाजपा सांसद मेनका गांधी केंद्र सरकार की नीतियों से दुखी हैं और उन्होंने भावुक होकर व्यथा सुनाई है। लगभग इसी कैप्शन वाले वीडियो को कई यूजर्स ने यूट्यूब पर अपलोड किया है।
पड़ताल
हमने वीडियो की जांच की कि तो सच्चाई अलग ही पता चली। पड़ताल के लिए सबसे पहले हमने वीडियो के अलग-अलग स्क्रीनग्रैब को रिवर्स सर्च किया तो फेसबुक पर अप्रैल 2021 का वीडियो मिला। यह वीडियो डॉली शर्मा नाम की कांग्रेस नेता के फेसबुक पेज पर 20 अप्रैल 2021 अपलोड किया गया था। डॉली के पुराने वीडियो को सुनने से पता चला कि उन्होंने गाजियाबाद के अस्पतालों में कोरोना मरीजों की समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार की आलोचना किया था।
अभी वायरल हो रहे वीडियो का हिस्सा अप्रैल 2021 में अपलोड किए गए वीडियो में है। यहां से साफ है कि करीब तीन साल पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ अब वायरल किया जा रहा है। बता दें कि डॉली शर्मा गाजियाबाद की नेता और कांग्रेस की प्रवक्ता हैं। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए गाजियाबाद से डॉली को प्रत्याशी भी बनाया है। वे 2019 भी चुनाव मैदान में उतर चुकी हैं, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली थी।