क्या है दावा?
पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू का एक बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल है। इसमें सिद्धू कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना करते सुने जा सकते हैं। वायरल वीडियो में सिद्धू कह रहे हैं, 'राहुल गांधी, स्कूल जाओ और राष्ट्रवाद और राष्ट्रद्रोह में फर्क सीखो।'
सिद्धू का यह बयान तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया जा रहा है। खासतौर पर एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर वेरिफाइड और अन-वेरिफाइड एक्स यूजर वीडियो को साझा कर तरह-तरह के दावे कर रहे हैं।
एक्स यूजर दीपक व्यास लिखते हैं, 'कांग्रेस के राम मंदिर बहिष्कार के बाद हजारों हिंदू नेता कांग्रेस छोड़ रहे है। नवजोत सिंह सिद्धू कांग्रेस छोड़ने से पहले राहुल को रगड़ते हुए हुए कहा कि राहुल गांधी, स्कूल जाओ और राष्ट्रवाद और राष्ट्रद्रोह में फर्क सीखो ठोक ताली।'
ऐसे ही कुछ कैप्शन दूसरे यूजर पूजा ने लिखे हैं।
हमारी पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल वीडियो के स्क्रीनग्रैब को रिवर्स सर्च किया। इस दौरान हमें सिद्धू का यह भाषण एक टीवी चैनल के यूट्यूब पर मिला। यह वीडियो करीब 13 साल पहले 8 अक्टूबर 2010 को पोस्ट किया गया था। पूरा वीडियो सुनने से पता चला कि तत्कालीन भाजपा सांसद नवजोत सिंह सिद्धू ने राहुल गांधी के सिमी और आरएसएस को एक जैसे बताने वाले बयान को लेकर उन्हें घेरा था। गुजरात में नगर निगम चुनाव में प्रचार के दौरान सिद्धू ने कहा था, 'राहुल बाबा... स्कूल जाओ और राष्ट्रवाद और राष्ट्रद्रोह में फर्क सीखो...।'
बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू पहले भाजपा के नेता था। जनवरी 2017 में सिद्धू कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे।
इसके अलावा हमें अमर उजाला चंडीगढ़ से संपर्क करने पर सिद्धू से जुड़ी एक
खबर भी मिली। इस खबर के अनुसार, भाजपा में शामिल होने वाली अफवाहों पर सिद्धू ने विराम लगा दिया। सिद्धू ने कहा कि यह बात वह एक बार नहीं, बल्कि हजार बार खत्म कर चुके हैं। पंजाब व कांग्रेस के आला नेताओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता न तो एक इंच भी पीछे हटी है और न ही पीछे हटेगी।