सोशल मीडिया पर एक गजट नोटिफिकेशन की कॉपी वायरल हो रही है। यह गजट नोटिफिकेशन वित्त मंत्रालय (वित्तीय सेवा विभाग) की ओर से साझा किया गया बताया जा रहा है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि केंद्र सरकार ने एसबीआई समेत सभी पब्लिक सेक्टर बैंकों को लिए हर शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वित्त मंत्रालय की ओर से कोई ऐसी सूचना साझा नहीं की गई है। इसे साझा कर लोगों में भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है।
बता दें कि कुछ दिन पहले बैंक कर्मियों ने हड़ताल का एलान किया था, लेकिन बाद में उसे वापस ले लिया। इस हड़ताल की मुख्य वजह बैंकों में पांच दिन काम और दो दिन छुट्टी की व्यवस्था लागू करने की मांग थी। अभी बैंक सोमवार से शुक्रवार तक पूरे दिन काम करते हैं। महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक बंद रहते हैं, जबकि बाकी शनिवार को काम होता है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक गजट नोटिफिकेशन की कॉपी शेयर कर दावा किया जा रहा है कि वित्त मंत्रालय ने बैंकों में शनिवार को अवकाश देने की मांग मान ली है।
ई. भास्कर राव (@NiftyBhaskar) नाम के एक्स यूजर ने लिखा, ‘ ब्रेकिंग वित्त मंत्रालय की 30 सितंबर 2026 की अधिसूचना के अनुसार, अब एसबीआई समेत सभी पब्लिक सेक्टर बैंकों की शाखाओं में हर शनिवार को साप्ताहिक छुट्टी होगी। यह आदेश 'नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881' की धारा 25 के तहत जारी किया गया है और तुरंत लागू होगा। डिजिटल बैंकिंग, ATM और UPI पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। यह आदेश प्राइवेट बैंकों पर लागू नहीं होता है।’ पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।
इसी तरह के अन्य पोस्ट के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। वहीं, आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
हमने इस दावे की सच्चाई जानने लिए सबसे पहले कीवर्ड से सर्च किया। इस दौरान हमें इससे संबंधित कोई विश्वनीय रिपोर्ट नहीं मिली। इसके बाद हमने वित्त मंत्रालय के वेबसाइट पर सर्च किया। यहां भी हमें इस से संबंधिक कोई जानकारी नहीं मिली।
इसके बाद हमने गजट नोटिफिकेशन को ध्यान से देखा। यहां हमें कई विसंगिता नजर आईं। आप नीचे दिए गई तस्वीर में देख सकते हैं। जैसे- सार्वजनिक की जगह साबजनिक लिखा हुआ दिख रहा है।
आगे की पड़ताल में हमने प्रेस सूचना ब्यूरो के एक्स हैंडल पर एक पोस्ट देखने को मिली। यह पोस्ट 1 अक्तूबर 2026 को साझा की गई है। यहां वायरल पोस्ट को झूठा बताया गाया है। इसके साथ ही यहां लिखा है कि सोशल मीडिया पर एक गजट (सरकारी सूचना) शेयर हो रहा है, जिसके बारे में दावा किया जा रहा है कि इसे वित्त मंत्रालय (वित्तीय सेवा विभाग) ने जारी किया है। इसमें कहा गया है कि केंद्र सरकार ने एसबीआई समेत सभी पब्लिक सेक्टर बैंकों के लिए हर शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। जो डॉक्यूमेंट शेयर किया जा रहा है, वह फेक है। वित्त मंत्रालय की ओर से ऐसा कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है, जिसमें पब्लिक सेक्टर बैंकों के लिए हर शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया हो।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में पाया कि वित्त मंत्रालय की ओर से ऐसी कोई सूचना जारी नहीं की गई है।