फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fact Check: किर्गिस्तान में कुरान पढ़ने के पुराने वीडियो को नेपाल त्रासदी से जोड़कर किया जा रहा शेयर

Fri, 04 Sep 2026 08:23 PM IST
अस्मिता त्रिपाठी फैक्ट चेक डेस्क , अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि नेपाल में लोग सड़क पर कुरान पढ़ रहे हैं। हमने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है।   

विज्ञापन
फैक्ट चेक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

नेपाल में 26 अगस्त की विनाशकारी बाढ़ के करीब 10 दिन बाद त्रिशूली-3ए जलविद्युत परियोजना की सुरंग से दो मजदूरों को जिंदा बचाया गया। दोनों मजदूर त्रासदी वाले दिन सुरंग में फंस गए थे। वहीं, नेपाल में बाढ़ से अब तक 1,282 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि बड़ी संख्या में लोग लापता हैं।

इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग सड़क पर दुआ करते नजर आ रहे हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह नेपाल का है। जहां आपदा के बाद लोग कुरान शरीफ पढ़ रहे हैं। 

अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल वीडियो  किर्गिस्तान का है। इस वीडियो का नेपाल से कोई संबंध नहीं है। 

क्या है दावा 

सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि नेपाल त्रासदी के बाद कुछ लोग सड़क पर कुरान शरीफ पढ़ रहे हैं। 

करिश्मा अजीज (@KarishmaAziz_) नाम के एक्स यूजर ने लिखा,’यह है ईमान की ताकत। यह वीडियो नेपाल का जहां पर कुरान शरीफ़ पढ़ा जा रहा है और दुआ की जा रही है, माशाअल्लाह। इस वीडियो को ज्यादा से ज्यादा शेयर करें।  पोस्ट का लिंक आप यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के अन्य पोस्ट के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।  

पड़ताल

इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें sez1lllmka नाम के इंस्टाग्राफ अकाउंट पर वायरल वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो  25 जून 2026 को साझा किया गया है। 

विज्ञापन


इसके बाद हमने अकाउंट की पड़ताल की । इस दौरान हमने यहां अकाउंट के बॉयो में लिखे को ट्रांसलेट किया। इस दौरान हमें पता चला कि यह किर्गिज गणराज्य का आपातकालीन स्थिति मंत्रालय | चुय क्षेत्र के आपातकालीन विभाग की प्रेस सेवा लिखा है। 

https://www.instagram.com/sez1lllmka/reels/

इसके बाद हमें «Умма» ислам журналы  नाम के फेसबुक अकाउंट पर वायरल वीडियो देखने को मिला। इसके बॉयो से पता चलता है कि यह किर्गिस्तान का मीडिया पोर्टल है।  यह वीडियो 26 जून 2026 को साझा किया गया है। इसके साथ यहां बताया गया है कि केगेटी गॉर्ज में एक गाड़ी के नदी में गिरने के बाद पानी की तेज़ धारा में बहे छह साल के बच्चे की तलाश में कई देशों के वॉलंटियर्स शामिल हो रहे हैं।

रूसी ब्लॉगर रुस्लान विल्ड्यानोव ने अपने सोशल मीडिया पेज पर बताया कि वे आने वाले दिनों में वॉलंटियर्स के एक ग्रुप के साथ किर्गिस्तान जाएंगे ताकि खोज और बचाव अभियान में हिस्सा ले सकें।

कजाकिस्तान के वॉलंटियर्स भी खोज अभियान में मदद कर रहे हैं। इस बीच, बिरदिक गांव के हाफिज (कुरान याद करने वाले लोग) कुरान का पाठ कर रहे हैं और बच्चे के मिल जाने और खोज अभियान के सफल होने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। खोज अभियान अभी भी जारी है। आयोजकों के अनुसार, अभी भी वॉलंटियर्स की मदद की जरूरत है।



आगे की पड़ताल में हमें एक मीडिया रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 26 जून 2026 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि आपातकालीन स्थिति मंत्रालय का खोज और बचाव अभियान आधिकारिक तौर पर पूरा हो गया है।

चुई क्षेत्र की केगेतिन घाटी में खोज और बचाव अभियान खत्म हो गया है। इस अभियान के दौरान एक छह साल के लड़के का शव मिला, जो एक दुर्घटना के बाद पहाड़ी नदी की तेज धारा में बह गया था। किर्गिस्तान के आपातकालीन स्थिति मंत्रालय की प्रेस सर्विस ने यह जानकारी दी। खोज अभियान आज, 26 जून को पूरा हुआ।

 

 

पड़ताल का नतीजा 

हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को किर्गिस्तान का पाया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें