वेनेजुएला पर अमेरिका की सैन्य कार्रवाई की पूरी दुनिया में चर्चा है। वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़कर न्यूयॉर्क ले जाना और उनको न्यायिक दायरे में लाने पर विश्व के अलग-अलग देशों की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक सड़क पर लोगों की भारी भीड़ नजर आ रही है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के अमेरिकी गिरफ्त में आने के बाद यहां के लोग जश्न मना रहे हैं।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल वीडियो करीब दो साल पुराना है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि वेनेजुएला राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के गिरफ्तारी पर वहां के लोग जश्न मना रहे हैं।
वर्ल्ड न्यूज (@_MAGA_NEWS_) नाम के एक्स यूजर ने लिखा, “अपडेट: एक ऐतिहासिक घटनाक्रम में, दशकों के दमन के बाद समाजवाद की पकड़ समाप्त होने पर लाखों वेनेजुएलावासी खुशी से झूम रहे हैं। अमेरिका के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में मादुरो शासन ध्वस्त हो गया है, जिससे लाखों लोग अत्यधिक मुद्रास्फीति, भुखमरी और मादक पदार्थों से जुड़े आतंकवाद से मुक्त हो गए हैं।" पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।
इसी तरह के अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें tomasguanipav नाम के इंस्टाग्राम यूजर के अकाउंट पर वायरल वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो 31 जुलाई 2024 को साझा किया गया है। इसके साथ ही बताया गया है कि देश ने शांतिपूर्ण बदलाव का रास्ता चुना, और सत्य ही शांति का मार्ग है। कल, अपने बच्चों के साथ, हम वेनेजुएलावासियों के साथ राष्ट्रीय चुनाव परिषद (CNE) की इस मांग में शामिल हुए कि वह मतदान केंद्र-दर-मतदान केंद्र, केंद्र-दर-केंद्र परिणाम प्रकाशित करे। सभी मतदानकर्मी, प्रत्येक उम्मीदवार के पर्यवेक्षक, प्लान रिपब्लिका सुरक्षा दल के सदस्य और प्रत्येक केंद्र पर तैनात CNE अधिकारी जानते हैं कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर क्या हुआ। प्रत्येक मतगणना पत्रक प्रकाशित करें, वही पत्रक जो विभिन्न चुनाव प्रचार टीमों के पास पहले से ही मौजूद हैं।

इसके बाद हमें Alerta Mundial नाम के एक्स अकाउंट पर वायरल वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो 31 जुलाई 2024 को साझा किया गया है। इसके साथ ही वीडियो में बताया गया है कि वेनेजुएला की सड़कें निकोलस मादुरो की भ्रष्ट सरकार के खिलाफ प्रदर्शनों से भरी पड़ी हैं। शेयर करें!

आगे की पड़ताल में हमें elveedordigital नाम के वेबसाइट की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 30 जुलाई 2024 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि वेनेजुएला की सड़कें प्रदर्शनकारियों से भरी पड़ी हैं, जो राष्ट्रपति निकोलस मादुरो द्वारा कथित चुनावी धांधली के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर रहे हैं। पूरा देश न्याय और लोकतंत्र की मांग में एकजुट हो गया है। ये प्रदर्शन हाल ही में हुए चुनावों में निकोलस मादुरो की जीत की घोषणा के बाद शुरू हुए, जिसे विपक्ष ने कड़ा विरोध जताया है और धांधली का दावा किया है।

पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को करीब दो साल पुराना पाया है। इस वीडियो का वेनेजुएला के हालिया घटना से कोई संबंध नहीं है।