फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fact Check: महाराष्ट्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उद्धव ठाकरे को बोलने से नहीं रोका, भ्रामक दावे का सच ये है

Fri, 03 May 2024 07:34 PM IST
शिवेंद्र स्पेशल डेस्क, अमर उजाला

सार

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। इस वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि महाराष्ट्र में एक रैली के दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उद्धव को मंच पर बोलने से रोक दिया। बूम ने पाया कि वायरल दावा झूठा है।
विज्ञापन
fact check - फोटो : AMAR UJALA
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश में इस समय लोकसभा के चुनाव हो रहे हैं। 19 अप्रैल को पहले जबकि 26 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान कराया गया था। बाकी पांच चरणों के लिए मतदान 7 मई से 1 जून के बीच होंगे। इस बीच, सोशल मीडिया पर शिवसेना (यूबीटी) के नेता उद्धव ठाकरे का एक वीडियो वायरल है। वायरल वीडियो में उद्धव एक मंच पर हैं और आसपास के लोगों से मराठी में कुछ बोलते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि महाराष्ट्र के वर्धा में एक रैली के दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उद्धव ठाकरे को मंच पर बोलने से रोक दिया, जबकि वह बोलने के लिए सिर्फ पांच मिनट मांग रहे थे।

बूम ने पाया कि वायरल दावा झूठा है। मूल वीडियो को ध्यान से सुना जाए तो साफ सुना जा सकता है कि उद्धव ठाकरे मराठी में यह कह रहे हैं कि वह समय की कमी के कारण सिर्फ पांच मिनट ही बोल पाएंगे और उनके आस-पास के लोग कम से कम 15 मिनट बोलने का आग्रह कर रहे हैं।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर उद्धव ठाकरे महाराष्ट्र के वर्धा में एक रैली को संबोधित करने पहुंचे थे। यह रैली महाविकास अघाड़ी उम्मीदवार अमर काले के समर्थन में आयोजित की गई थी। महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी, INDIA गठबंधन का हिस्सा है। यहां मंच पर हुई बातचीत के वीडियो को गलत तरीके से पेश करते हुए सोशल मीडिया पर प्रचारित किया जा रहा है।

वायरल वीडियो में ठाकरे को मराठी में कहते सुना जा सकता है, "मैं 5 मिनट तक बोलूंगा।" यूजर्स इस वाक्य को गलत दावे से शेयर कर रहे हैं कि उन्हें पांच मिनट भी बोलने से रोका जा रहा है।

फेसबुक पर एक यूजर ने वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, 'क्या गिरावट है ‼️ कथित तौर पर वर्धा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उद्धव ठाकरे को एक रैली में भाषण देने से भी मना कर दिया। मुझे 5 मिनट बोलने दीजिए, उद्धव ने विनती की।'

विज्ञापन

पोस्ट का आर्काइव लिंक.

एक्स पर भी इसे शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, 'सत्ता के लिए उद्धव ठाकरे और कितना नीचे गिरेंगे और कितना अपमान सहेंगे अपनी बेइज्जती करवाएंगे। वर्धा में मंच पर कांग्रेसियों ने उद्धव ठाकरे को सभा संबोधित करने नहीं दिया। उद्धव ठाकरे हाथ जोड़ते रहे पहले कहे अच्छा 5 मिनट बोलने दो कांग्रेसियों कहा नहीं हटो यहां से भागो....'

पोस्ट का आर्काइव लिंक.

फैक्ट चेक

वायरल वीडियो के पीछे का सच जानने के लिए बूम ने वीडियो को गौर से देखा। बूम ने पाया कि वीडियो में लोकेशन वर्धा लिखा है और साथ ही 'टीवी9 मराठी' का लोगो भी मौजूद है। यहां से हिंट लेते हुए मूल वीडियो के लिए हमने टीवी9 मराठी के इस वीडियो रिपोर्ट की तलाश की।

टीवी9 मराठी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर बूम को 22 अप्रैल 2024 का शेयर किया गया वायरल वीडियो का यह ब्रीफ वर्जन मिला।

इस वीडियो के 50 सेकेंड के बाद वाले हिस्से में पूरा वाकया देखा जा सकता है। ठाकरे वीडियो के एक मिनट 35 सेकेंड पर मराठी में आसपास के लोगों को समझाते हुए कहते हैं, "समय की कमी को ध्यान में रखते हुए, मुझे निकलना भी है।" वीडियो के 2 मिनट पर दो आदमी उनके पास आते हैं और उनसे बोलने का आग्रह करते हैं। इस पर ठाकरे कहते हैं, "मैं पांच मिनट बोलूंगा।"

इससे स्पष्ट है कि वायरल वीडियो में ठाकरे के इसी लाइन को मूल संदर्भ से इतर शेयर करते हुए दावा किया गया है कि उन्हें बोलने से रोका जा रहा है। वायरल वीडियो में ठाकरे के आस-पास के लोगों को उनसे ज्यादा बोलने का आग्रह करते हुए देखा जा सकता है। चूंकि वायरल वीडियो में अलग से बैकग्राउंड म्यूजिक जोड़ा गया है इसलिए आसपास के लोगों की गुजारिश स्पष्ट रूप से सुनाई नहीं देती। जबकि मूल वीडियो में लोगों को उद्धव ठाकरे से मराठी में आधा घंटा, 15 मिनट बोलने का आग्रह करते सुना जा सकता है।

टीवी9 मराठी के यूट्यूब चैनल पर वीडियो के लाइव वर्जन में भी एक घंटे 34 मिनट के बाद पूरी घटना देखी जा सकती है। इसके अतिरिक्त जी 24 तास ने भी इस रैली को कवर किया है। जी 24 के वीडियो में भी हम देख सकते हैं कि उद्धव ठाकरे पांच मिनट बात रखने को कह रहे हैं, वहीं आस-पास के लोग ज्यादा बोलने का आग्रह कर रहे हैं।

(This story was originally published by Boom, as part of the Shakti Collective. Except for the headline/excerpt/opening introduction para this story has not been edited by Amar Ujala staff)

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें