Fact Check: फिल्म अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल 23 जून को शादी के बंधन में बंध गए। इस बीच, सोशल मीडिया पर सोनाक्षी की मां पूनम सिन्हा की तस्वीरों को साझा कर दावा किया जा रहा है कि सोनाक्षी की मां जहीर के साथ अपनी बेटी के मस्जिद जाने से नाखुश हो गईं। हालांकि, हमारी पड़ताल में यह दावा भ्रामक निकला।
फिल्म अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा और अभिनेता जहीर इकबाल अपनी जिंदगी के नए अध्याय की शुरुआत कर चुके हैं। सोनाक्षी सिन्हा 23 जून को जहीर इकबाल के साथ शादी के बंधन में बंध गईं। सोनाक्षी और जहीर ने रजिस्टर मैरिज की। इस बीच सोशल मीडिया पर सोनाक्षी की मां पूनम सिन्हा की कुछ तस्वीरें वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों को साझा कर सोशल मीडिया यूजर्स द्वारा दावा किया जा रहा है कि सोनाक्षी की मां जहीर के साथ अपनी बेटी के मस्जिद जाने से नाखुश हो गईं। जब हमने इन तस्वीरों की पड़ताल की तो यह दावा भ्रामक निकला।
विज्ञापन
दावा
सोशल मीडिया एप एक्स पर वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि सोनाक्षी की मां तब निराश हो गईं जब अभिनेत्री जहीर इकबाल के साथ मस्जिद में प्रवेश कर गईं। एक यूजर चंदन शर्मा ने लिखा है कि एक मां का दर्द कोई नहीं समझ सकता हैं? यह सोनाक्षी सिन्हा की मां पूनम सिन्हा हैं, जो गाड़ी में काफी दुखी दिख रही है।
पड़ताल
इन तस्वीरों की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले गूगल पर वायरल तस्वीरों के की-फ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया। गूगल रिजल्ट में हमें इससे संबंधित कुछ खबरें मिलीं। इनमें बताया गया है कि ये तस्वीरें उस वक्त की हैं जब जहीर इकबाल को शादी से पहले सोनाक्षी सिन्हा और उनके नए घर के नजदीक स्थित मस्जिद में गए थे। इस बीच, सोनाक्षी की मां पूनम सिन्हा झुंझलाती नजर आईं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया।
विज्ञापन
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सोनाक्षी सिन्हा की मां पूनम सिन्हा उस समय परेशान दिखीं जब पैपराजी ने उनकी कार को घेर लिया। पूनम बीते रविवार को अपनी बेटी सोनाक्षी की शादी के लिए जा रही थीं, तभी कैमरामैन ने उन्हें घेर लिया। पहले तो उन्होंने कैमरों की तरफ देखकर मुस्कुराया और हाथ हिलाया, लेकिन जब उन्होंने उनकी कार को आगे नहीं जाने दिया तो वे नाराज दिखीं। मामला तब आगे बढ़ गया जब एक कैमरामैन ने ड्राइवर की खिड़की से अपना फोन उनकी कार में घुसा दिया। इस पर सोनाक्षी सिन्हा की मां काफी परेशान दिखीं। इसके बाद उनके ड्राइवर ने कैमरामैन का हाथ कार से बाहर कर दिया।
पड़ताल का नतीजा
पड़ताल से साफ है कि यह दावा कि सोनाक्षी की मां इकबाल के साथ अपनी बेटी के मस्जिद जाने से नाखुश थीं, पूरी तरह से भ्रामक है। खबर के अनुसार, सोनाक्षी सिन्हा की मां पूनम सिन्हा उस समय परेशान दिखीं जब पैपराजी ने उनकी कार को घेर लिया था।