फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fact Check: बांग्लादेश में आग लगने की घटना के पुराने वीडियो को नैनीताल का बताकर किया जा रहा शेयर

Tue, 06 May 2025 07:00 PM IST
संध्या फैक्ट चेक डेस्क, अमर उजाला

सार

Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है जिसमें दावा किया जा रहा है कि हिंदू युवकों ने मुसलमानों की दुकानों में आग लगा दी है। हमारी पड़ताल में यह दावा गलत निकला है। 

विज्ञापन
फैक्ट चेक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तराखंड के नैनीताल में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के बाद सांप्रदायिक तनाव देखने को मिल रहा है। घटना सामने आने के बाद कई लोगों के साथ मारपीट भी की गई है। इसी बीच एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। वीडियो में एक दुकान में आग लगी हुई नजर आ रही है। दावा किया जा रहा है कि हिंदुओं के द्वारा मुसलमानों की दुकान को पूरी तरह से जला दिया गया है। वहां मौजूद कुछ लोग पानी से आग को बुझाने की कोशिश भी कर रहे हैं। 

विज्ञापन

अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। पड़ताल में पता चला कि वीडियो भारत का नहीं है बल्कि बांग्लादेश का है। 2024 में बांग्लादेश में लगी आग के पुराने वीडियो को अभी का बताकर शेयर किया जा रहा है। 

दरअसल, नैनीताल शहर में बीते बुधवार को एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना के बाद कई संगठनों द्वारा बाजार बंद रखकर विरोध प्रदर्शन किया। इस मामले में दुष्कर्म का आरोप उस्मान नाम के बुजुर्ग ठेकेदार पर लगा है।  
 

क्या है दावा
वायरल वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि उस्मान द्वारा बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद हिंदुओं द्वारा मुसलमानों की दुकानों पर आग लगा दी गई। 

विज्ञापन

भगवा रक्षक किट्टू ठाकुर नाम के एक फेसबुक यूजर ने लिखा “उत्तराखंड नेनीताल में हिंदू भाइयों ने जिहादियों को अच्छी तरह सबक सिखा कर बर्बाद किया। ऐसा ही होना चाहिए सब जगह” पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। पोस्ट का स्क्रीनशॉट आप नीचे देख सकते हैं।  

 इस तरह के कई और दावों के लिंक आप यहां और यहां भी देख सकते हैं। इसके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। 

पड़ताल
वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च करने पर हमें यह वीडियो मोहम्मद इब्राहिम हुसैन नाम के एक फेसबुक अकाउंट पर 8 अक्तूबर 2024 को पोस्ट किया हुआ मिला। वीडियो काफी क्लियरिटी के साथ पोस्ट किया गया था। इस अकाउंट में सब कुछ बंगाली भाषा में लिखा हुआ था। इसमें कैप्शन लिखा गया था “हबीगंज अगस्त” यहां से यह साफ हो गया कि वीडियो नैनीताल में हुए हाल फिलहाल की घटना का नहीं है। 

  
  हमें इस वीडियो के कमेंट में वीडियो की लोकेशन बांग्लादेश में लक्ष्मीपुर जिला बताया गया था।  

  आगे हमने कीवर्ड के माध्यम से लक्ष्मीपुर या हबीब गंज में आग लगने की घटना की  खबरों की मीडिया रिपोर्ट को खोजने की कोशिश की। वहां हमें बीडी-बुलेटिन नाम का एक वेबसाइट पर लक्ष्मीपुर में आग लगने की एक मीडिया रिपोर्ट के बारे जानकारी मिली। 11 जुलाई 2024 को प्रकाशित खबर में बताया गया था कि लक्ष्मीपुर के मजूचौधरी हाट में आग लगने से 15 दुकानें जलकर खाक हो गईं। सूचना मिलने पर लक्ष्मीपुर अग्निशमन विभाग की तीन यूनिट ने घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया।

इसी तरह कई और बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट कीवर्ड के माध्यम से सर्च करने पर हमें मिले। इसके लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।

आगे हमें नैनीताल पुलिस का एक्स पर वीडियो से संबंधित एक पोस्ट मिला। इस पोस्ट में नैनीताल पुलिस ने इस वीडियो को फर्जी बताया गया था। पुलिस ने पोस्ट में लिखा था “#नैनीताल पुलिस का जनसंदेश, सच्ची जानकारी ही साझा करें – अफवाहें नहीं।”

 पड़ताल का नतीजा 
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि वीडियो नैनीताल का बताकर भ्रामक जानकारी शेयर की जा रही है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें