पुर्तगाल के मशहूर फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रही हैं। वायरल तस्वीरों में रोनाल्डो मक्का में एक महिला के साथ नमाज पढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। तस्वीरों को शेयर करते हुए यूजर्स दावा कर रहे हैं कि फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपनी पत्नी के साथ इस्लाम धर्म अपना लिया है। पीटीआई फैक्ट चेक डेस्क की जांच में वायरल दावा फर्जी साबित हुआ। पीटीआई की पड़ताल में पता चला कि वायरल तस्वीरें AI की मदद से बनाई गई हैं।
क्या है दावा
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक यूजर ने 22 दिसंबर को वायरल कोलाज शेयर करते हुए लिखा, “माशाअल्लाह: दुनियां के सबसे मशहूर फुटबॉलर क्रिस्टियानो ने #इस्लाम_धर्म अपनाया और हरम शरीफ में अपनी पत्नी के साथ नमाज़ अदा की...!” पोस्ट का लिंक आर्काइव लिंक और स्क्रीनशॉट यहां देखें।

वहीं, एक अन्य यूजर ने फेसबुक पर वायरल कोलाज को शेयर करते हुए लिखा, “माशाअल्लाह रोनाल्डो की बेहद खूबसूरत सामने आई है मक्का से.” पोस्ट का लिंक आर्काइव लिंक और स्क्रीनशॉट यहां देखें।

पड़ताल
वायरल दावे का सच जानने के लिए डेस्क ने सबसे पहले रोनाल्डो के सभी सोशल मीडिया हैडंलस की जांच की, लेकिन पीटीआई को कहीं भी वायरल तस्वीर नहीं मिली। जांच को आगे बढ़ाते हुए पीटीआई ने वायरल तस्वीर को रिवर्स इमेज सर्च किया। पीटीआई को कहीं भी वायरल तस्वीर से जुड़ी हुई कोई भी विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली।
वायरल तस्वीरों का सच जानने के लिए पीटीआई ने एआई डिटेक्टर टूल True Media से स्कैन किया। जांच में इन तस्वीरों के एआई- निर्मित होने की संभावना जताई गई।

वहीं, वायरल तस्वीर का सच जानने के लिए पीटीआई ने एक अन्य एआई डिटेक्टर टूल Hive Moderation की सहायता ली, Hive ने इन तस्वीरों के 99.8 AI निर्मित होने की संभावना जताई। रिजल्ट का स्क्रीनशॉट यहां देखें।

रोनाल्डो इस्लाम धर्म अपना सकते हैं, इस पर पहले भी कई मीडिया रिपोर्ट्स प्रकाशित हो चुकी हैं। हालांकि पीटीआई को रोनाल्डो की तरफ इस तरह की पुष्टि की कोई खबर नहीं मिली। रिपोर्ट का लिंक और स्क्रीनशॉट यहां देखें।

पड़ताल का नतीजा
पीटीआई की अब-तक की जांच से यह साफ है कि रोनाल्डो की वायरल हो रही यह तस्वीर संभवतः एआई टूल्स की मदद से तैयार की गई है और इसे गलत दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।
(This story was originally published by
PTI as part of the Shakti Collective. Except for the headline and opening introduction para this story has not been edited by Amar Ujala staff)