बिहार में आज दूसरे चरण का मतदान है। 20 जिलों कुल 1302 उम्मीदावार दूसरे चरण के चुनाव लड़ रहे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग डंडे से एक घर के दीवार पर मारते नजर आ रहे हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि बिहार चुनाव के दौरान एक कुशवाहा के घर पर भूमिहार लोगों ने हमला किया।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल वीडियो 6 महीने पुराना राजस्थान का है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि बिहार में चुनाव के दौरान भूमिहार समुदाय के लोगों ने कुशवाहा समुदाय के व्यक्ति के घर पर हमला किया है।
मोहम्मद रिजवान निस नाम के फेसबुक यूजर ने लिखा “ बिहार में चुनाव के दौरान एक कुशवाहा के घर पर हमला करते भूमिहार। क्योंकि बिहार में भाजपा हार रही है, दलित और मुस्लिम पे बीजेपी वाले भूमिहार ऐसे ही जुल्म करते हैं।“ पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।
इसी तरह के अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें हनुमानगढ़ ब्रेकिंग न्यूज नाम के फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो मिला। यह वीडियो 17 जून 2025 को साझा किया गया है। यहां हमें वायरल क्लिप शुरुआत के 10 सकेंड में देखने को मिली। इसके साथ ही लिखा है कि करणीसर गांव में पानी की पाइपलाइन विवाद, हमला में चार लोग घायल, पुलिस जांच में जुटी !

आगे की पड़ताल में हमें न्यूज 18 की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 16 जून 2025 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि हनुमानगढ़ जिले के करणीसर गांव में शनिवार को पानी की पाइपलाइन डालने को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला लाठी-डंडों, पथराव और फायरिंग तक जा पहुंचा। इस झगड़े में चार लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं एक मकान की दीवार भी गिर गई है। जानकारी के अनुसार, गांव में एक पक्ष अपने घर तक पानी की पाइपलाइन डालना चाहता था, लेकिन दूसरे पक्ष ने पाइप से पानी रिसने और गली में कीचड़ फैलने का हवाला देते हुए आपत्ति जताई थी।

पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को राजस्थान का पाया है।