सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। यह एक सीसीटीवी कैमरे का फुटेज है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि दो बच्चे एक महिला के साथ चल रहे होते हैं, वैसे ही वहां एक कुत्ता उन पर हमला कर देता है। वह एक बच्चे को अपने मुंह के अंदर दबाकर बुरी तरह से काट लेता है। इसके बाद वहीं कुछ लगो पहुंचते है जो छोटे बच्चे को कुत्ते से बचाने की कोशिश करते हैं। वीडियो शेयर करके घटना दिल्ली के रोहिणी की बताई जा रही है। इसके साथ ही लोगों से कुत्ता नहीं पालने के अनुरोध किया जा रहा है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। हमारी जांच में यह सामने आया कि वीडियो भारत का नहीं है, बल्कि थाईलैंड के पटाया का है। जांच के दौरान पता चला कि 1 जून 2022 को एक सीसीटीवी वीडियो वायरल हुआ। जिसमें थाईलैंड के पटाया के एक रिहायशी इलाके में एक 4 साल के बच्चे पर एक कुत्ते द्वारा हमला किया गया था।
क्या है दावा
कुत्ते द्वारा बच्चे पर हमले के इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि वीडियो दिल्ली के रोहिणी का है। यहां एक कुत्ते ने छोटे बच्चे को काट लिया।
दिलीप कुमार सिंह (@DilipKu24388061) नाम के एक एक्स यूजर ने वीडियो को शेयर करके लिखा “कुत्ता नहीं छोटी गाय पुंगनूर पालें #रोहिणी_हादसा भयावह, भयंकर, भयानक, असहनीय, निरुत्तर। Dog (कुत्ता) पालने वाले व्यक्तियों के लिए सन्देश I उस बच्चे के परिवार वालों से पूछें कि उन पर क्या बीत रही है? शायद कुछ लोगों का बुद्धि विकास हो जाए I” पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंत आप यहां और यहां देख सकते हैं।
इसी तरह के कई और दावों का लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इसके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो को कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। यहां हमें नोटिसियास सैन विसेंट नाम के एक फेसबुक अकाउंट पर यह वीडियो देखने को मिला। इस वीडियो को अकाउंट पर 2022 में शेयर किया गया था। इस वीडियो के साथ स्पैनिश में एक कैप्शन लिखा गया था, जिसका अनुवाद है “फ़्रांसिस्को मोराज़ान के वैले डे एंजेल्स कस्बे में एक कुत्ते ने एक बच्चे पर बेरहमी से हमला कर दिया। कई वयस्क भी बच्चे को उस क्रोधित जानवर के जबड़े से नहीं बचा पाए। बच्चे की हालत अज्ञात है।”
आगे हमें मटिचोन नाम की एक वेबसाइट पर इस वीडियो के कई कीफ्रेम्स मिले। मटिचोन थाई भाषा का एक प्रमुख राष्ट्रीय दैनिक समाचार पत्र है। इन कीफ्रेम्स के साथ एक रिपोर्ट मिली, इस रिपोर्ट में जून 2022 में प्रकाशित करके बताया गया था कि चोन बुरी प्रांत के बंग लामुंग जिले के पटाया शहर के एक गांव में, यह घटना 20 जून को लगभग 4:00 बजे शाम को हुई थी। क्लिप में दिखाई देने वाली पीली शर्ट पहने विदेशी आया दो विदेशी बच्चों को गांव में टहलने के लिए लेकर आई थी, जो एक नियमित गतिविधि थी। घटना के बाद, दो साल के विदेशी बच्चे को इलाज के लिए पटाया अस्पताल में भर्ती कराया गया क्योंकि उसकी हालत काफी गंभीर थी। उसका जबड़ा टूट गया था, गाल फट गया था और सिर पर एक खुला घाव था। मेडिकल टीम ने उसके घाव का इलाज किया और 200 टांके लगाए और आईसीयू में उसकी निगरानी की। ताजा जानकारी के अनुसार, वह सुरक्षित है। विदेशी माता-पिता ने पटाया पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
कीवर्ड के माध्यम से सर्च करने पर हमें घटना से जुड़ी एक और रिपोर्ट pptvhd36 नाम की एक वेबसाइट पर देखने को मिली। पीपीटीवी, जिसे पीपीटीवी एचडी और पीपीटीवी एचडी 36 के नाम से भी जाना जाता है, जो थाईलैंड में एक डिजिटल टेलीविजन चैनल है।
इसकी रिपोर्ट में बताया गया था कि एक विदेशी आया (पीली कमीज़ पहने) दो विदेशी बच्चों को गांव में घुमाने ले जा रही थी। जब वे उस घर के पास पहुंचे जहां यह घटना हुई थी, तो मालिक ने कूड़ा बाहर निकालने के लिए दरवाज़ा खोला, लेकिन कुत्ते को नहीं बांधा, जिससे 70 किलो से ज़्यादा वज़न वाला पिटबुल कुत्ता तुरंत दो साल के विदेशी बच्चे पर झपट पड़ा। घटना के चश्मदीद ग्रामीणों ने बच्चे को अस्पताल ले जाने से पहले उसे कुत्ते से अलग करने में मदद की।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि घटना भारत की नहीं बल्कि थाईलैंड की है, जिसमें दिल्ली में रोहिणी इलाके की बताकर शेयर किया जा रहा है।