बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी जब से लॉरेंस बिश्नोई ने ली है तब से सलमान खान का नाम भी लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। सोशल मीडिया पर सलमान खान का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सलमान कुछ डायलॉग बोलते हुए नजर आ रहे हैं।
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि सलमान लॉरेंस बिश्नोई को धमकी दे रहे हैं। कहा जा रहा है कि सलमान खान बोल रहे हैं ‘भिड़ोगे तो मिट जाओगे।’
केपी पाठक (@KpPatha19731260) नाम के एक एक्स यूजर ने लिखा “सलमान खान ने साफ शब्दों में लॉरेंस बिश्नोई को जवाब दिया है। "भिड़ोगे तो मिट जाओगे"
रवि राज किशोर (@RaviRajKishorr) नाम के एक एक्स यूजर ने लिखा “सलमान खान ने साफ शब्दों में लॉरेंस बिश्नोई को जवाब दिया है। "भिड़ोगे तो मिट जाओगे" क्या ये असली वीडियो है कोई बताएगा या फिर AI इस्तेमाल किया गया है भ्रम फैलाने के लिये”
पड़ताल
वीडियो की पड़ताल करने पर हमें इस वीडियो से जुड़ी हुई कई खबरें मिली। यहां से हमें पता चला कि वीडियो 15 अप्रैल 2020 का है। वीडियो के पीछे की सच्चाई जानने के लिए हमने
अमर उजाला के एंटरटेनमेंट डेस्क से संपर्क किया। यहां से हमें पता चला कि ये वीडियो सलमान ने कोरोना को लेकर लगे लॉकडाउन का पालन करने की अपील करते हुए बनाया था।
हमें सलमान खान के इंस्टाग्राम पर ये पूरा वीडियो 15 अप्रैल 2020 को पोस्ट मिला। इस वीडियो के जरिए सलमान लोगों से लॉकडाउन के दौरान घर के अंदर रहने की अपील कर रहे थे।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में ये साफ है कि वीडियो चार साल पुराना है जिसका अभी की घटना से कोई संबंध नहीं है।