उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने आर्सेनिक, फ्लोराइड से प्रभावित गांवों में सौ फीसदी नियमति रूप से पाइप्ड वॉटर सप्लाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। सोमवार को जल जीवन मिशन, लघु सिंचाई, भूगर्भ जल विभाग और स्वच्छ गंगा मिशन की समीक्षा बैठक करते हुए जलशक्ति मंत्री ने कहा कि अगर आर्सेनिक, फ्लोराइड से प्रभावित किसी भी गांव में नल से जल न मिलने की शिकायत मिली, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर हाल में तय समयसीमा के भीतर जल जीवन मिशन की सभी परियोजनाओं को पूरा किया जाए। बैठक में नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव, राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के अधिशासी निदेशक जोगिंदर सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
विंध्य, बुंदेलखंड परियोजनाओं का काम लगभग पूरा, नियमित जलापूर्ति पर रखें नजर
समीक्षा बैठक के दौरान जलशक्ति मंत्री ने जल जीवन मिशन योजना के तहत लखनऊ मंडल में हुए कार्यों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि विन्ध्य, बुंदेलखंड में भी सभी परियोजनाओं का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि विन्ध्य, बुंदेलखंड की परियोजनाओं के अंतिम चरण का कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए। जिससे जल्द से जल्द इन परियोजनाओं का लोकार्पण कराया जा सके।