परिवार की पहली पीढ़ी, जिसने इतनी सफलता हासिल की
जाकिर ने यह भी कहा कि वह परिवार की पहली पीढ़ी हैं, जिसे इतनी सफलता मिली है। ऐसे में उन्हें आने वाली पीढ़ियों के चीजें सही करने की जिम्मेदारी महसूस होती है। जाकिर ने कहा कि वे अपनी आगामी पीढ़ी के लिए कुछ पुल बनाना चाहते हैं। उन्होंने माना कि इसी भावना ने उन्हें लगभग एक दशक तक काम को हर चीज से ऊपर रखने के लिए प्रेरित किया। यह उनका एक ऐसा फैसला रहा, जिसका असर अब उनके शरीर पर दिखने लगा है।
वायरल क्लिप पर भी तोड़ी चुप्पी
उन्होंने आगे कहा, 'जब आप लगातार दस साल तक एक्सीलरेटर पर पैर रखते हैं, तो शरीर पर असर तो पड़ेगा ही। इसलिए मैंने शुरू में सोचा था कि मैं काम के साथ-साथ अपनी सेहत भी संभाल लूंगा, लेकिन पिछले साल, जब हम यूएस में थे, तो मुझे एहसास हुआ कि दोनों काम एक साथ करना मुमकिन नहीं होगा। तभी मैंने ब्रेक लेने का यह फैसला लिया। बता दें कि जाकिर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कॉमेडियन कहते दिख रहे हैं कि वे 2030 तक स्टैंड-अप कॉमेडी से दूर रहेंगे। हालांकि, इंटरव्यू में, जाकिर ने साफ किया कि यह बात खासतौर पर हैदराबाद के लिए थी, क्योंकि जब वह ब्रेक लेंगे और फिर बाद में काम फिर से शुरू करेंगे, तो उन्हें हैदराबाद लौटने में समय लगेगा।
कहा- '80 वर्ष तक कॉमेडी करना चाहता हूं'
बता दें कि बीते हफ्ते जाकिर ने कहा कि वे कॉमेडी से लंबा ब्रेक लेंगे। यह एलान उनके चल रहे 'पापा यार' टूर के तहत हैदराबाद में उनके हालिया लाइव शो के दौरान किया गया। उन्होंने कहा कि उनका ब्रेक कई वर्षों तक चल सकता है और उनके मौजूदा कमिटमेंट्स पूरे होने के बाद यह 2028, 2029, या 2030 तक भी चल सकता है। हालांकि, कॉमेडियन ने अब यह स्पष्ट कर दिया है कि यह बात खासतौर से हैदराबाद के लिए थी। उनका ब्रेक इतना लंबा भी नहीं होगा। उन्होंने कहा, मैं कोशिश करूंगा कि स्वस्थ रहूं। इस पर मैं काम कर रहा हूं। मुझे अपने काम से बहुत प्यार है। 80 साल तक स्टैंड-अप करना चाहता हूं। उसके लिए सेहतमंद रहना जरूरी है'।