यशराज फिल्म्स ने स्ट्रीमिंग प्लैटफॉर्म नेटफ्लिक्स से एक खास डील की है। अब बॉलीवुड की शानदार फिल्में ओटीटी पर भी दर्शकों के लिए मौजूद होंगी। इन फिल्मों में शाहरुख की 'डीडीएलजे', सलमान की 'मुझसे शादी करोगी' और अमिताभ बच्चन की 'सिलसिला' जैसी फिल्में शामिल हैं। जानिए किस तारीख को स्ट्रीम की जाएंगी ये मूवीज।
यशराज फिल्म्स ने नेटफ्लिक्स के साथ इंस्टग्राम हैंडल पर संयुक्त रूप से एक पोस्ट साझा किया है। इसमें कई बॉलीवुड फिल्मों का जिक्र है, जो नेटफ्लिक्स पर दिखाई जाएंगी। बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख के जन्मदिन से पहले उनके प्रशंसकों को खास तोहफा दिया गया है। आज यानी शनिवार से ही शाहरुख की कई फिल्में नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही हैं, जिनमें 'डीडीएलजे', 'चक दे इंडिया' और 'डर' जैसी फिल्में शामिल हैं।
सलमान खान के जन्मदिन की भी है खास तैयारी
यशराज फिल्म्स द्वारा साझा किए गए पोस्ट में फिल्मों की लिस्ट में अमिताभ, सलमान-आमिर की फिल्में मौजूद हैं। इसी तरह, सलमान खान की तीन ब्लॉकबस्टर फिल्में, ‘एक था टाइगर’ , ‘सुल्तान’ और ‘टाइगर जिंदा है’ उनके जन्मदिन के अवसर यानी 27 दिसंबर को स्ट्रीम होंगी। इस कड़ी में अमिताभ की 'सिलसिला', 'कभी-कभी' जैसी फिल्में भी हैं।
यह खबर भी पढ़ें:
चुनावी सरगर्मी के बीच खेसारी पर पवन सिंह का पलटवार, बोले- ‘15 साल पहले का बिहार देख लें, पता चल जाएगा’
इस तारीख से स्ट्रीम होंगी फिल्में
सभी फिल्मों के स्ट्रीम करने की एक तारीख तय की गई है। इस कड़ी में पहली तारीख तो आज यानी 01 नवंबर है, फिर 14 नवंबर, 28 नवंबर, 5 दिसंबर, 12-28 दिसंबर, 27 दिसंबर, 22 जनवरी, 7-14 फरवरी। ये तारीखें बताई गई हैं। आपको बताते चलें कि आमिर खान, ऋतिक रोशन, अनिल कपूर से लेकर अर्जुन कपूर तक की फिल्में इमसें मौजूद हैं।
नेटिजंस में खुशी की लहर
इस खबर के सामने आते ही नेटिजंस की खुशी का ठिकाना नहीं है। फैंस अब अपने पसंदीदा एक्टर्स की फिल्में नेटफ्लिक्स पर देख सकेंगे। एक यूजर ने कहा, 'अब होगा एसआरके डे की तैयारी।' दूसरे यूजर ने बोला, 'बड़े-बड़े प्लैटफॉर्म्स पर ऐसी छोटी-छोटी बातें होती रहती हैं।' इसके अलावा अन्य यूजर्स ने 'देवदास' जैसी अन्य फिल्मों को भी जोड़ने की मांग की है।