इस शो के निर्देशन की कमान सौरभ वर्मा के हाथों में है, जबकि इसका निर्माण, कंटेंट इंजीनियर्स द्वारा किया जा रहा है। शो में उर्मिला मातोंडकर मुख्य किरदार में नजर आएंगी। मां-बेटी के जज्बाती रिश्तों पर आधारित यह एक ऐसा शो है, जिसमें उर्मिला मातोंडकर का रोल काफी दमदार है।
'तिवारी' के मेकर्स ने आज शो का एक पोस्टर जारी किया है। शो में उर्मिला का बदला हुआ अंदाज देख उनके तमाम फैंस हैरान हो गए हैं। गौरतलब है कि इस शो में उर्मिला का एक्शन अवतार भी नजर आने वाला है, जिसके लिए वह पिछले कई महीनों से कड़ी मेहनत कर रही हैं।
अपने वेब डेब्यू को लेकर उत्साहित उर्मिला मातोंडकर कहती हैं, "इस वेब शो की कहानी में मेरे लिए लिखा गया किरदार काफी सशक्त औए चुनौतीपूर्ण है। इससे पहले इस तरह का किरदार मैंने कभी नहीं निभाया था। इसे युवा लेखकों की एक टीम ने मिलकर लिखा है। जब मुझे इस शो की कहानी सुनाई जा रही थी तब मैंने अंत तक दिलचस्पी के साथ पूरी स्क्रिप्ट सुनी। इसकी कहानी इतनी रोचक है कि इसने मुझे अंत तक बांधे रखा"।
उर्मिला आगे कहती हैं, "इस शो की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें मां-बेटी के जज्बातों की कहानी बताई गई है, लेकिन इसी के साथ फिल्म में काफी ड्रामा, एक्शन और कुछ मजेदार ट्विस्ट्स भी हैं। मैं इस शो की शूटिंग के शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं"।
फिल्ममेकर सौरभ वर्मा कहते हैं, "इस शो में उर्मिला के किरदार का जो ग्राफ है, उसे निभाने के लिए उर्मिला से बेहतर और कोई नहीं हो सकता था। एक फिल्ममेकर के तौर पर मैं और हमारी पूरी स्टूडियो की टीम पारिवारिक दर्शकों के लिए साफ-सुथरा कंटेंट बनाने में यकीन रखते हैं।“
कंटेट इंजीनियर्स के सीईओ उत्पल आचार्य कहते हैं, "एक स्टूडियो के तौर पर हम पूरी तरह से कंटेंट पर अपना ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उर्मिला के काम से अच्छी तरह से वाकिफ होने से हम उर्मिला के साथ एक ऐसे विषय पर काम करना चाहता थे जो खुद उर्मिला के साथ-साथ उनके फैंस को भी पसंद आए। इतने सालों बाद भी उर्मिला में काम के प्रति वही जोश और जुनून है और वो काम के प्रति आज भी उतनी ही समर्पित हैं"। बता दें कि इस वेब सीरीज का निर्माण डॉक्टर राज किशोर खवारे और उत्पाल आचार्य द्वारा किया जा रहा है। मौजूदा समय में इसके प्री-प्रोडक्शन पर काम चल रहा है।