शहाबुद्दीन के जीवन पर बना है 'रंगबाज 3'?
अपने दमदार अभिनय से इंडस्ट्री में लोहा मनवा चुके विनीत कुमार सिंह ने हमेशा अपनी एक्टिंग से सबको प्रभावित किया है। एक बार फिर इस सीरीज में विनीत का अवतार सबको चौंका रहा है। 'रंगबाज 3' जैसी पॉपुलर सीरीज में विनीत के किरदार का नाम हारून शाह रखा गया है और ट्रेलर में उनका सीवान से कनेक्शन भी दिखाया गया है। ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही लगातार इस तरह की बातें सुनने मिल रही थीं कि यह वेब सीरीज काफी हद तक दिवंगत ताकतवर राजनेता मोहम्मद शहाबुद्दीन पर आधारित है। हालांकि, एक मीडिया संस्थान को दिए इंटरव्यू में विनीत कुमार ने इन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है।
विनीत ने दिया बड़ा बयान
विनीत कुमार ने इस बातचीत में बताया कि 'सीरीज की कहानी एक काल्पनिक जगह के इर्द-गिर्द बुनी गई है। हां, कई जगहों पर आपको सीरीज देखने के बाद ऐसा लग सकता है कि इसकी कुछ चीजें या किरदार असल से मेल खा रहे हैं। लेकिन, जो दुनिया हमने रची है वह पूरी तरह से फिक्शनल है। इसका किसी से भी कोई लेना देना नहीं है। हम बस एक प्रभावशाली कहानी लोगों के सामने रखने की कोशिश कर रहे हैं। यह एक मजेदार कहानी है लेकिन इसका वास्तविकता से कोई लेना देना नहीं है।'
हो सकता है कि किसी से मेल खा जाए कहानी
आगे विनीत कुमार ने सीरीज के तीसरे सीजन के बारे में बात करते हुए कहा, 'लोगों को हमेशा से ही अलग-अलग तरह का कंटेंट देखना पसंद रहा है। तो हो सकता है आपको लगे कि इसकी कहानी का बैकग्राउंड कहीं न कहीं मेल खाए क्योंकि यह एक राजनीतिक ड्रामा और किसी गैंगस्टर की कहानी है। लेकिन 'रंगबाज 3' उससे कहीं आगे है। जब मेरे पास सना का किरदार आया था तो मैं श्योर था कि मुझे यह करना ही है। फिर इसकी फ्रेंचाइजी शुरू हो गई और फिर मुझे यकीन हो गया है कि मेकर्स गलत नहीं जा रहे हैं।'