जानकारी के मुताबिक वेब सीरीज ‘बॉम्बे बेगम्स’ में कामकाजी महिलाओं की महात्वाकांक्षाओं, इच्छाओं, सत्ता संघर्ष और उनके नाजुकपन को टटोलने की कोशिश की गई है। इस कहानी की नुमाइंदगी मुंबई की पांच ऐसी महिलाएं कर रही हैं जो सामाजिक बंदिशों को तोड़ते हुए आगे बढ़ने की कोशिश में हैं। इस दौरान उनके कार्यक्षेत्र में आने वाली दिक्कतों, रिश्तों में दिखती दरारों और निजी जीवन की उथल पुथल को इस सीरीज का मुख्य आधार बनाया गया है।
वेब सीरीज ‘बॉम्बे बेगम्स’ में पांच महिला बॉस का किरदार करते हुए जो अभिनेत्रियां दिखने वाली हैं, उनमें पूजा भट्ट का नाम सबसे प्रमुख है। पूजा भट्ट पिछले साल हुई फिल्म ‘सड़क 2’ में दिखी थीं। उससे पहले उनकी बतौर अभिनेत्री आखिरी फिल्म 10 साल पहले ‘एवरीबडी सेज आई एम फाइन’ रिलीज हुई थी। अपने करियर में वह पांच फिल्में भी निर्देशित कर चुकी हैं, लेकिन उनकी आखिरी फिल्म ‘जिस्म 2’ के पूरी तरफ फ्लॉप हो जाने के बाद उन्होंने फिल्ममेकिंग से तौबा कर ली।
पूजा भट्ट के साथ वेब सीरीज ‘बॉम्बे बेगम्स’ में शहाना गोस्वामी, अमृता सुभाष, प्लाबिता बोरठाकुर और आध्या आनंद मुख्य भूमिकाओं में हैं। उनके साथ राहुल बोस, विवेक गॉम्बर और दानिश हुसैन ने भी इस सीरीज में काम किया है। फिल्म ‘टर्निंग 30’ से निर्देशक बनीं अलंकृता ने ‘लिपस्टिक अंडर माई बुर्का’ से अंतर्राष्ट्रीय प्रसिद्धि हासिल की। प्राइम वीडियो की वेब सीरीज ‘मेड इन हेवेन’ के बाद उनकी एक फिल्म ‘डॉली किट्टी और वो चमकते सितारे’ नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो चुकी है।
अपनी वेब सीरीज ‘बॉम्बे बेगम्स’ के बारे में अलंकृता कहती हैं, “मुझे उम्मीद है कि देश दुनिया की महिलाएं इस कहानी से खुद को जोड़ पाएंगी। ये भारतीय महिलाओं की एक दुरूह यात्रा की कहानी बयां करती है जिसमें इन कामकाजी महिलाओं की सत्ता और सफलता की महात्वाकांक्षों की बात की गई है।” निर्देशक अली अब्बास जफर की हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज ‘तांडव’ ने भी राजनीति में सक्रिय महिलाओं के सत्ता संघर्ष की कहानी को बखूबी बयान किया है। वेब सीरीज ‘बॉम्बे बेगम्स’ अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर रिलीज होगी।