फिल्मफेयर पुरस्कारों को लेकर विवाद कितने भी होते रहे हों, लेकिन सच ये भी है कि इस ब्रांडनेम के साथ और पुरस्कार के रूप में मिलने वाली श्यामवर्ण अप्सरा का क्रेज फिल्म जगत में अब भी बरकरार है। कोरोना संक्रमण काल में जो नई बातें फिल्म जगत में हुईं, उनमें फिल्मफेयर की तरफ से शुरू हुए ओटीटी अवार्ड्स भी है। दर्शकों की पसंद नापसंद के हिसाब से नई नई सीरीज देखने के लिए लोगों को सलाह देने वाले एप फ्लिक्स के साथ मिलकर शुरू किए गए इन पुरस्कारों के आयोजन पर ओटीटी प्रशंसकों की नजरें टिकी रहीं।
पहले फिल्मफेयर ओटीटी पुरस्कारों में वेबसीरीज ‘पाताल लोक’ का जलवा खुलकर देखने को मिला। इस सीरीज के लिए ही जयदीप अहलावत ने बेस्ट एक्टर का पुरस्कार जीता। इस सीरीज को ही बेस्ट सीरीज का पुरस्कार भी मिला। बेस्ट डायरेक्टर और बेस्ट स्क्रीनप्ले का पुरस्कार भी वेबसीरीज ‘पाताल लोक’ को ही मिला। बेस्ट कॉमेडी सीरीज का पुरस्कार ‘पंचायत’ को और बेस्ट एक्टर फीमेल का पुरस्कार सुष्मिता सेन को वेब सीरीज ‘आर्या’ के लिए मिला। पुरस्कारों में विदेशी ओटीटी डिजनी प्लस हॉटस्टार, नेटफ्लिक्स और अमेजन प्राइम वीडियो का पूरा दबदबा दिखा। टाइम्स समूह के अपने ओटीटी एमएक्स प्लेयर को भी सिर्फ एक ही पुरस्कार नसीब हुआ।