'लस्ट स्टोरीज' से ओटीटी प्लेटफॉर्म पर कदम रखने वाली अभिनेत्री मनीषा कोइराल जल्द ही नेटफ्लिक्स की एक और वेब सीरीज में नजर आने वाली हैं। इस वेब सीरीज 'मस्का' की घोषणा तो पहले ही हो चुकी थी। अब वेब सीरीज की रिलीज डेट की घोषणा भी कर दी गई है। ये वेब सीरीज ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर 27 मार्च से स्ट्रीम होने जा रही है।
नीरज उधवानी के निर्देशन में बनी इस वेब सीरीज की कहानी एक ऐसे खुले विचार वाले युवा पर आधारित है जो एक्टर बनना चाहता है। इस युवा का नाम रूमि है। रूमि खुले विचारों और अपने सपनों को पूरा करने की क्षमता रखता है। रूमि के अभिनेता बनने के सफर में उसकी मुलाकात एक सीधी सोच रखने वाली लड़की से होती है।
कुछ वक्त पहले ही नेटफ्लिक्स इंडिया ने अपने यूट्यूब चैनल पर इस फिल्म का एक प्रमोशनल फर्स्ट लुक वीडियो भी साझा किया था। इस वीडियो में प्रीत कमानी और शिरली सेतिया नजर आए थे। वीडियो में दोनों के बीच की केमिस्ट्री बेहद शानदार लग रही थी।
नेटफ्लिक्स की इस वेब सीरीज को नीरज उधवानी ने निर्देशित किया है। वेब सीरीज के जरिए नीरज ने निर्देशन में पहली बार कदम रखा है। इससे पहले नीरज 'मेरे डैड की मारुति' और 'दिल तो बच्चा है जी' के जरिए लेखक के रूप में नजर आ चुके हैं। 'मस्का' में मनीषा कोइराला के अलावा शिरली सेतिया, प्रीत कामानी, निकिता दत्ता और जावेद जाफरी नजर आने वाले हैं।
गौरतलब है कि ये मनीषा कोइराला की दूसरी वेब सीरीज है। इससे पहले वो नेटफ्लिक्स की ही वेब सीरीज 'लस्ट स्टोरीज' में नजर आ चुकी हैं। इसके अलावा मनीषा संजय दत्त की 'प्रस्थानम' में भी अहम किरदार निभा चुकी हैं। इसके बाद मनीषा नेटफ्लिक्स की ही एक और वेब सीरीज 'फ्रीडम' में नजर आने वाली हैं। इस वेब सीरीज का निर्देशन दिबाकर बनर्जी के द्वारा किया जाएगा।